राष्ट्रीय समाचार
उत्तराखंड
खेल समाचार
दिल्ली खेल महाकुंभ के लिए शिखर धवन बनाये गए ब्रांड एंबेसडर, खिलाड़ियों के लिए बनेंगे प्रेरणास्रोत
नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने क्रिकेटर शिखर धवन को दिल्ली खेल महाकुंभ का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है। शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की उपस्थिति में शिखर धवन से मुलाकात के बाद इसकी घोषणा की। शिक्षा मंत्री ने बताया कि 13 फरवरी से शुरू होने जा रहे दिल्ली खेल महाकुंभ के लिए शिखर धवन ब्रांड एंबेसडर बनने की जिम्मेदारी स्वीकार कर ली है। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार की खेलों के प्रति प्रतिबद्धता और युवाओं को आगे बढ़ाने के प्रयत्नों से प्रभावित होकर धवन ने यह निर्णय लिया है।
मंत्री ने विश्वास जताया कि शिखर के मार्गदर्शन और प्रेरणा से दिल्ली के युवा खिलाड़ियों को नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और पहचान प्राप्त होगी। इस अवसर पर सीएम रेखा गुप्ता ने शिखर धवन का आभार जताते हुए कहा कि शिखर धवन का इस अभियान से जुड़ना दिल्ली के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
उन्होंने दिल्ली के युवाओं के प्रति धवन के योगदान की सराहना की। शिखर धवन ने कहा कि दिल्ली खेल महाकुंभ का ब्रांड एंबेसडर बनना उनके लिए सम्मान की बात है। दिल्ली ने उन्हें बहुत कुछ दिया है और इसकी मिट्टी की सेवा के लिए वे हमेशा तत्पर हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने युवाओं के लिए एक बेहतरीन मंच तैयार किया है और वे खिलाड़ियों का सहयोग करने के लिए हर संभव प्रयत्न करेंगे।
क्राइम
पटियाला के रेयान इंटरनेशनल स्कूल को आया धमकी भरा ईमेल, पुलिस ने शुरु की मामले की छानबीन
पंजाब : पंजाब में पटियाला के अर्बन स्टेट स्थित रेयान इंटरनेशनल स्कूल को धमकी भरा ईमेल मिलने से स्कूल में अफरा तफरी मच गई। प्राप्त सूत्रों के अनुसार, इस ईमेल में स्कूल में बम होने के बारे में कहा गया था। इस ईमेल के मिलते ही शिक्षकों सहित स्कूल का पूरा स्टाफ खौफजदा हो गया। स्कूल प्रशासन ने इस ईमेल की सूचना तुरंत पटियाला पुलिस को दी। स्कूल से सूचना मिलते ही पुलिस स्टेशन अर्बन स्टेट एसएचओ अपनी टीम के साथ स्कूल पहुंचे और घटना की जानकारी लेकर छानबीन प्रारंभ की।
एसएचओ ने इस घटना की जानकारी अपने उच्च अधिकारियों को दी। मामला संज्ञान में आते ही, इसकी संवेदनशीलता को देखते हुए SSP पटियाला IPS वरुण शर्मा अपनी टीम के साथ स्कूल पहुंचे। उन्होंने बम स्क्वायड को मौके पर बुलवाया और स्कूल की सघन तलाशी कराई गई । टीम ने स्कूल का कोना – कोना छान डाला लेकिन स्कूल में कोई भी विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। इस छानबीन के बाद सभी ने चैन की सांस ली। स्कूल में कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिलने पर पटियाला SSP ने इसे किसी असामाजिक तत्व की शरारत बताया। उन्होंने कहा कि पटियाला पुलिस की साइबर क्राइम ब्रांच इस मामले की जांच कर रही है। यह ईमेल कहां से आया इसका पता लगाया जाएगा। शहर और देश का माहौल खराब करने वाले अपराधियों को सख्त सजा दिलवाई जाएगी। अफवाह फैलाने वाले दोषियों को बक्शा नहीं जाएगा, क्योंकि इससे पहले भी ऐसी घटनाएं पंजाब के अमृतसर और जालंधर में हो चुकी हैं। उस समय भी अफवाहें झूठी निकली थीं।
SSP ने स्कूल प्रशासन से सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना पुलिस को देने के लिए कहा। उन्होंने स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों से भी अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। एहतियात के तौर पर स्कूल के आसपास के इलाके को भी चेक किया गया, मगर सब कुछ सामान्य नजर आया। कहीं भी कोई असामान्य या संदेहजनक वस्तु दिखाई नहीं दी।
