राष्ट्रीय समाचार
उत्तराखंड
खेल समाचार
आईपीएल 2027 का सीजन समय से पूर्व शुरू करने पर हो रहा है विचार, प्री मानसून बारिश और गर्मी है वजह
नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानि बीसीसीआई आईपीएल 2027 को लेकर बड़ा फैसला लेने पर विचार कर रहा है। गर्मी और प्री मॉनसून बारिश के मद्देनजर आईपीएल का अगला सीजन समय से दो सप्ताह पूर्व प्रारंभ किया जा सकता है।
बीसीसीआई सचिव के अनुसार देश के अधिकांश हिस्सों में मई के महीने में पड़ने वाली भीषण गर्मी से बचने के लिए आईपीएल को अगले वर्ष से 10 मार्च से 15 मई तक आयोजित करने पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यस्त कार्यक्रम के चलते मैचों की संख्या 74 ही रहेगी और इसे बढ़ाकर 94 नहीं किया जाएगा।
आमतौर पर आईपीएल का सीजन मार्च माह के आखिरी सप्ताह में शुरू होकर मई के अंतिम दिनों तक चलता है। सचिव का मानना है कि आईपीएल का सीजन समय से पूर्व प्रारंभ होने से खिलाड़ियों और दर्शक दोनों के लिए लाभकारी रहेगा। वर्तमान वर्ष में आईपीएल 28 मार्च को शुरू हुआ और 31 मई तक चला।
इस विषय पर चर्चा की जा रही कि 15 मई के पश्चात टूर्नामेंट के अंतिम चरण में बारिश या प्री मानसून से मौसमी व्यवधान पड़ने की आशंका बनी रहती है। इसके अतिरिक्त मई के अंतिम दिनों तक मौसम काफी गर्म हो जाता है जिसे खिलाड़ियों के साथ साथ दर्शकों के लिए भी बहुत अनुकूल नहीं माना जा सकता।
बीसीसीआई सचिव ने बताया कि मई के अंतिम पखवाड़े में बढ़ते तापमान की वजह से टूर्नामेंट को दो सप्ताह पहले प्रारंभ करने पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बीसीसीआई के साथ-साथ हमारी आईपीएल संचालन परिषद में भी इस बात पर विमर्श चल रहा है कि क्या हम टूर्नामेंट को मार्च के आखिर के स्थान पर थोड़ा पहले प्रारंभ कर सकते हैं।
सचिव ने बताया कि आगामी वर्ष से हम इसे जल्दी शुरू करने का प्रयास करेंगे। मैंने खेल विकास महाप्रबंधक को निर्देश दिया है कि वह ऐसा कार्यक्रम तैयार करें जिससे हम 10 मार्च तक टूर्नामेंट शुरू करके 15 मई तक इसका समापन कर सकें।
सचिव ने स्पष्ट किया कि उन्हें आईपीएल मैचों के दौरान भारत के उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों में गर्मी को लेकर खिलाड़ियों के साथ-साथ प्रशंसकों से भी शिकायतें प्राप्त हुई हैं। उनके अनुसार उन्हें प्रशंसकों के साथ-साथ खिलाड़ियों से भी बहुत सारी शिकायतें सुनने को मिल रही हैं। हमारे सभी खिलाड़ी इतनी गर्म परिस्थितियों में खेलने के आदी नहीं हैं। यही वजह है कि हम इसे 15 मई तक समाप्त करना चाहते हैं। यह अब हमारा पहला लक्ष्य बन गया है।
सचिव ने यह भी स्पष्ट किया कि मैचों की संख्या बढ़ाए जाना संभव नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि फिलहाल यह संभव नहीं है क्योंकि हमें विभिन्न देशों से आने वाले खिलाड़ियों से संबंधित कई अन्य मसलों पर भी विचार करना होगा। बड़ी कठिनाई के बाद हमें यह दो महीने की अवधि मिली है। इसे दो महीने से आगे बढ़ाना बहुत मुश्किल हो जाएगा क्योंकि अन्य देशों को भी द्विपक्षीय मैच खेलने होते हैं।
इस समय मैचों की संख्या 74 से बढ़ाकर 94 करने के बारे में किसी भी तरह का विचार विमर्श नहीं हो रहा है। आने वाले वर्षों में स्थिति क्या होगी यह मैं नहीं बता सकता, परंतु फिलहाल मुझे मैचों की संख्या 74 से बढ़ाकर 94 करने की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है।
उन्होंने कहा कि न केवल भारत, बल्कि आईसीसी के अन्य क्रिकेट खेलने वाले देशों विशेष रूप से इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों के हितों को भी ध्यान में रखना होगा।
क्राइम
पटियाला के रेयान इंटरनेशनल स्कूल को आया धमकी भरा ईमेल, पुलिस ने शुरु की मामले की छानबीन
पंजाब : पंजाब में पटियाला के अर्बन स्टेट स्थित रेयान इंटरनेशनल स्कूल को धमकी भरा ईमेल मिलने से स्कूल में अफरा तफरी मच गई। प्राप्त सूत्रों के अनुसार, इस ईमेल में स्कूल में बम होने के बारे में कहा गया था। इस ईमेल के मिलते ही शिक्षकों सहित स्कूल का पूरा स्टाफ खौफजदा हो गया। स्कूल प्रशासन ने इस ईमेल की सूचना तुरंत पटियाला पुलिस को दी। स्कूल से सूचना मिलते ही पुलिस स्टेशन अर्बन स्टेट एसएचओ अपनी टीम के साथ स्कूल पहुंचे और घटना की जानकारी लेकर छानबीन प्रारंभ की।
एसएचओ ने इस घटना की जानकारी अपने उच्च अधिकारियों को दी। मामला संज्ञान में आते ही, इसकी संवेदनशीलता को देखते हुए SSP पटियाला IPS वरुण शर्मा अपनी टीम के साथ स्कूल पहुंचे। उन्होंने बम स्क्वायड को मौके पर बुलवाया और स्कूल की सघन तलाशी कराई गई । टीम ने स्कूल का कोना – कोना छान डाला लेकिन स्कूल में कोई भी विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। इस छानबीन के बाद सभी ने चैन की सांस ली। स्कूल में कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिलने पर पटियाला SSP ने इसे किसी असामाजिक तत्व की शरारत बताया। उन्होंने कहा कि पटियाला पुलिस की साइबर क्राइम ब्रांच इस मामले की जांच कर रही है। यह ईमेल कहां से आया इसका पता लगाया जाएगा। शहर और देश का माहौल खराब करने वाले अपराधियों को सख्त सजा दिलवाई जाएगी। अफवाह फैलाने वाले दोषियों को बक्शा नहीं जाएगा, क्योंकि इससे पहले भी ऐसी घटनाएं पंजाब के अमृतसर और जालंधर में हो चुकी हैं। उस समय भी अफवाहें झूठी निकली थीं।
SSP ने स्कूल प्रशासन से सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना पुलिस को देने के लिए कहा। उन्होंने स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों से भी अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। एहतियात के तौर पर स्कूल के आसपास के इलाके को भी चेक किया गया, मगर सब कुछ सामान्य नजर आया। कहीं भी कोई असामान्य या संदेहजनक वस्तु दिखाई नहीं दी।
