उत्तराखंड: उत्तराखंड के रुद्रपुर में नए साल की शुरुआत खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी लेकर आ रही है। शहर के स्पोर्ट्स स्टेडियम में तैयार कराया जा रहा अत्याधुनिक सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक और फुटबॉल टर्फ का निर्माण कार्य अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है।
लगभग 20 करोड़ की लागत से बन रहे इस बहुप्रतीक्षित प्रोजेक्ट को नए साल के पहले महीने में वर्ल्ड एथलेटिक्स काउंसिल से सर्टिफिकेट मिलने के बाद इसे खेल विभाग के हवाले कर दिया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार सिंथेटिक रनिंग ट्रैक, फुटबॉल टर्फ, आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम और सुरक्षा के लिए बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जा रहा है।

ट्रैक की गुणवत्ता, लेन मार्किंग, सतह की पकड़ और सुरक्षा मानकों की जांच के लिए विशेषज्ञ एजेंसियां लगातार निरीक्षण कार्य कर रही हैं। निर्माणदायी संस्था सिंचाई विभाग के अधिकारियों के अनुसार, वर्ल्ड एथलेटिक्स काउंसिल से हरी झंडी मिलते ही यह ट्रैक स्थानीय खिलाड़ियों के साथ नेशनल और इंटरनेशनल इवेंट्स के आयोजन के लिए भी उपलब्ध हो जाएगा। इस परियोजना के पूरा हो जाने से स्टेडियम की पहचान एक अंतरराष्ट्रीय खेल केंद्र के रूप में बन जाएगी। आने वाले साल में यह सिंथेटिक ट्रैक खिलाड़ियों के सपनों को उड़ान तो देगा ही, साथ ही साथ शहर की खेल मानचित्र पर एक नई पहचान बनाने में भी सहायक बनेगा।

पूर्व में योजना सिंथेटिक ट्रैक के बीच में ही सिंथेटिक फुटबॉल टर्फ का निर्माण कराने की थी,  लेकिन बाद में इस स्थान पर अन्य एथलेटिक खेलों को लेकर आने वाली बाधाओं को देखते हुए योजना में बदलाव किया गया। शुरूआत में इस परियोजना के लिए करीब 15 करोड़ की धनराशि स्वीकृत हुई थी लेकिन योजना में बदलाव के बाद शासन ने अतिरिक्त पांच करोड़ की धनराशि के लिए भी स्वीकृति प्रदान कर दी।तय योजना के अनुसार मार्च 2024 तक यह कार्य पूरा होना था लेकिन बीच में बदलाव व अन्य खेल स्पर्धाओं के आयोजन के चलते निर्माण कार्य में देरी हुई।

सिंचाई विभाग के मुताबिक, सिंथेटिक ट्रैक और फुटबॉल टर्फ का निर्माण कार्य इसी सप्ताह पूर्ण हो जाएगा। इसके पश्चात् उम्मीद है कि साल की शुरुआत में वर्ल्ड एथलेटिक्स काउंसिल के प्रमाणीकरण की प्रक्रिया भी पूरी हो जाएगी, जिसके बाद इसे  खेल विभाग के सुपुर्द कर दिया जाएगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *