हरियाणा: हरियाणा के फरीदाबाद जिले में शनिवार से 39वें अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड हस्तशिल्प मेले का आगाज होने जा रहा है। मेले का आयोजन 31 जनवरी 2026 से 15 फरवरी 2026 तक किया जाएगा। इस बार मेला पहले से ज्यादा भव्य और सुंदर नजर आने वाला है। मेला स्थल की रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से बहुत ही सुरुचिपूर्ण ढंग से सजावट की गई है। प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी देश-विदेश से लोग अपनी कला, संस्कृति, परिधान और परंपरा आदि के साथ मेले में शिरकत करने पहुंच गए हैं, जिसका पर्यटकों को बेसब्री से इंतज़ार रहता है।
मेले में इस बार जोन टू हवेली में 20 फूड स्टॉल लगाई जाएंगी। इसके साथ ही ऊपर की ओर फूड कोर्ट में लगभग 40 स्टॉल लगेंगे, जिसमें सभी राज्यों की स्टॉल सम्मिलित रहेंगी। मेले में थीम स्टेट उत्तर प्रदेश और मेघालय को अलग से फूड स्टॉल लगाने की जगह उपलब्ध कराई जाएगी। मेघालय को पहली बार थीम स्टेट बनने का मौका दिया गया है, जबकि उत्तर प्रदेश वर्ष 2018 में थीम स्टेट रह चुका है। सभी स्टॉल पर शहर की ऐतिहासिक पहचान को मुख्य रूप से दर्शाया जाएगा। साथ ही वहां की जीवनशैली, सांस्कृतिक धरोहर और खानपान को मनमोहक रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अलावा राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, आंध्र प्रदेश सहित कई राज्यों के फूड स्टॉल मेले का आकर्षण होंगे, जिससे मेले में आए पर्यटकों को अलग- अलग राज्यों के स्वादिष्ट व्यंजन चखने का अवसर प्राप्त होगा।
आयोजन स्थल के सभी पार्किंग प्वाइंट्स पर पर्यटकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने के लिए कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी, जिससे लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। पर्यटक मेले के लिए पार्किंग पास ऑनलाइन भी बुक करा सकेंगे। हरियाणा पर्यटन विभाग द्वारा पार्किंग संचालन की जिम्मेदारी निजी कंपनी के सुपुर्द की गई है। पार्किंग स्थल पर अपने वाहन पार्क करने के लिए चालकों को वाहनों की श्रेणी के अनुसार निर्धारित किए गए शुल्क भुगतान करना होगा। सूरजकुंड के पांच मुख्य द्वारों के पास 10 से अधिक स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जिससे किसी भी रूट से आने वाले व्यक्ति को पार्किंग को परेशानी न हो।
मेले में जाने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए रोडवेज की तरफ से बसों का संचालन किया जाएगा। मेला स्पेशल बसों की सुविधा सुबह 7 से रात्रि 9 बजे तक उपलब्ध रहेगी। सरकारी छुट्टी और शनिवार- रविवार को पर्यटकों की संख्या बढ़ने पर अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। बसों का संचालन आधे घंटे से लेकर एक घंटे के अंतराल पर किया जाएगा।
ट्रैफिक पुलिस द्वारा सड़क किनारे या गलत तरीके से वाहन पार्क करने पर सख्त कार्रवाई करते हुए पोस्टल चालान भेजे जाएंगे। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए निजी वाहनों के स्थान पर सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने का प्रयास करें।
इससे पूर्व शुक्रवार को हरियाणा के पर्यटन मंत्री ने सूरजकुंड मेले की तैयारियों को लेकर एक व्यापक समीक्षा बैठक की। बैठक के पश्चात उन्होंने मेला स्थल पर पहुंचकर मेले की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
