बिहार : पटना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सिपाही चालक भर्ती परीक्षा के दौरान गुरुवार को फर्जी दस्तावेज़ों के सहारे परीक्षा में शामिल होने का प्रयास कर रहे 06 अभ्यर्थियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

यह कार्रवाई पटना के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र स्थित एक स्कूल में आयोजित सिपाही चालक भर्ती परीक्षा के दौरान की गई । परीक्षा केंद्र पर तैनात दंडाधिकारी और पुलिस की सतर्कता के कारण यह कार्रवाई संभव हो सकी। इसके बारे में पुलिस का कहना है कि परीक्षा केंद्र पर प्रवेश प्रक्रिया के दौरान जांच-पड़ताल में कुछ अभ्यर्थियों के दस्तावेज संदिग्ध पाए गए। केंद्र पर मौजूद अधिकारियों ने जब संबंधित उम्मीदवारों से पूछताछ की तो वह संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके। इसके बाद दस्तावेज़ों की गहनता से जांच की गई, जिसमें फर्जी प्रपत्र और फोटो-परिवर्तन का मामला सामने आया। स्थिति स्पष्ट होते ही पुलिस टीम ने छह अभ्यर्थियों को हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तार सभी अभियुक्तों के खिलाफ परीक्षा केंद्र दंडाधिकारी के लिखित आवेदन के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है। गिरफ्तार अभ्यर्थियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, यदि जांच के दौरान किसी गैंग या दलाल नेटवर्क की संलिप्तता सामने आती है, तो उस पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पटना पुलिस ने अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह के फर्जीवाड़े या शॉर्टकट का सहारा न लें । साथ ही, परीक्षा से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया गया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *