उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश में मिर्जापुर जिले के शेरवां क्षेत्र में दिल्ली के कंझावला जैसा दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। दिल्ली की तरह ही यहां भी पहले कार सवार ने स्कूटी पर बैठे युवक को टक्कर मारी, फिर कार में फंसे युवक को करीब दस किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गया। इस घटना का शिकार हुए धर्मेंद्र नामक युवक की मौत हो गई। साल 2023 में 31 दिसंबर और 1 जनवरी की मध्य रात्रि दिल्ली के कंझावला में भी एक युवती की कार से घसीटने के कारण मृत्यु हो गई थी। कार उसे भी 10 किलोमीटर से ज्यादा दूरी तक घसीटते हुए ले गई थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते वीरवार को अदलहाट थाना क्षेत्र के भुईली खास गांव के पास दोपहर क़रीब एक बजे यह दुर्घटना घटित हुई। एक कार ने स्कूटी सवार को टक्कर मार दी और हादसे के बाद स्कूटी सवार धर्मेंद्र कार में फंस गया। पुलिस का लोगो लगी कार धमेंद्र को घसीटते हुए भागने लगी। रास्ते में कंबल वितरण के लिए एकत्रित हुए लोगों को भी कार ने टक्कर मारी। 10 किमी दूर शेरवां चौकी के आगे चंदौली के मझगवां जाकर कार युवक समेत सड़क किनारे खेत में जा घुसी। इस दौरान दस किलोमीटर तक की सड़क खून से रंग गई।

सड़क पर दूर तक घिसटने से युवक के शरीर का कुछ ही हिस्सा शेष बचा बाकी के चीथड़े उड़ गए। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार सवार एक युवक को पकड़ लिया जबकि दूसरा मौके से फरार होने में सफल रहा। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों की भीड़ ने पुलिस चौकी शेरवां पर जमकर हंगामा किया और पुलिस चौकी के बाहर सड़क जाम कर दी। मौके पर फोर्स के साथ पहुंचे चकिया विधायक, एसडीएम और सीओ चुनार के समझाने और उचित कार्रवाई के आश्वासन पर एक घंटे बाद जाम समाप्त किया गया।

पुलिस के मुताबिक , चंदौली जिले के चकिया गनेशपुर निवासी 25 वर्षीय धर्मेंद्र वीरवार की सुबह जमालपुर के नौडिया गांव निवासी अपने जीजा के घर आया था। दोपहर में वह अपने जीजा व बहन के साथ स्कूटी से घूमने जा रहा था। जब तीनों भुईली खास गांव के पास पहुंचे तो अदलहाट से शेरवां की ओर जा रही कार ने स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्कूटी सवार बालू के ढेर पर गिर गए और कार भी बालू के ढेर पर चढ़ गई। दुर्घटना से हड़बड़ाया कार सवार गाड़ी लेकर भागने लगा तो धर्मेंद्र कार में फंस गया। भागते समय कार सवार ने वहां कंबल वितरण के लिए खड़े कई लोगों को टक्कर मारी जिससे 7 लोग घायल हो गए।

घायल स्कूटी सवार दंपती और अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक की मां ने पुलिस को तहरीर दी है , जिसके बाद पुलिस गैर इरादतन हत्या की एफआईआर दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *