उत्तराखंड: गंगोत्री धाम में आजकल तापमान माइनस 10 से 20 डिग्री तक गिर रहा है। भारी ठंड के चलते भागीरथी सहित केदार गंगा पूरी तरह जम गई है। दोनों नदियों में बर्फ जम गई है, और वहां पर नदी का पानी बर्फ के बीच से एक नाले की तरह बह रहा है।

माइनस डिग्री के तापमान में भी वन विभाग के कर्मचारी पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं। शीतकाल में कर्मचारी गंगोत्री नेशनल पार्क में लगातार गश्त कर वहां पर दुर्लभ वन्य जीवों की सुरक्षा का कार्य कर रहे हैं। गंगोत्री नेशनल पार्क के कर्मचारी माइनस जीरो डिग्री से कम के तापमान में समुद्रतल से करीब तीन से चार हजार मीटर की ऊंचाई तक गोमुख और केदारताल तक गश्त कर रहे हैं। इस दौरान उन्हें परेशानियों का सामना भी करना पड़ रहा है। पूरी वन विभाग की टीम इन दिनों लगातार ऊंचाई वाले क्षेत्रों में गश्त कर रही है।

पहाड़ों में बिना बारिश के भी तापमान माइनस 20 डिग्री तक गिर रहा है। स्थिति यह है कि गंगोत्री धाम में साफ मौसम के बावजूद तापमान में भारी गिरावट देखी जा रही है। आज मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *