नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण गंभीर स्तर पर पहुंच चुका है। बृहस्पतिवार सुबह कई इलाकों में घने स्मॉग के चलते दृश्यता बेहद कम रही। दिल्ली के कई इलाकों में AQI 400 से ऊपर दर्ज हुआ है।

राजधानी दिल्ली में हवा की गुणवत्ता लगातार चिंता का विषय बनी हुई है। इंडिया गेट और कर्तव्य पथ जैसे मुख्य इलाकों में जहरीले स्मॉग की मोटी चादर छाई हुई है, जिससे वायु गुणवत्ता सूचकांक ‘बहुत खराब’ श्रेणी में पहुंच गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, इंडिया गेट और कर्तव्य पथ के आसपास के क्षेत्र में AQI 341 दर्ज किया गया । आनंद विहार और अब्दुल कलाम रोड पर भी गंभीर स्थिति बनी हुई है ।अब्दुल कलाम रोड़ क्षेत्र में सुबह के समय जहरीला स्मॉग का छाया रहा और वहां का AQI 394 दर्ज किया गया।

आसमान में कुहासे के साथ स्मॉग होने से दृश्यता भी कम रही। इस दौरान लोग मास्क पहने नजर आ रहे हैं और सांस के मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन के लिए निर्णय सहायता प्रणाली के अनुसार, राजधानी में वाहनों से होने वाले प्रदूषण का योगदान कुल 17.30 फीसदी है। इसके बाद पराली जलाने से होने वाले प्रदूषण का नम्बर आता है, जो कि 14.50 फीसदी करीब है।

अगर एनसीआर पर नज़र डालें तो ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद की हवा सबसे ज्यादा प्रदूषित दर्ज की गई। यहां AQI 419 दर्ज किया गया, जोकि गंभीर श्रेणी में आता है। गुरुग्राम में 301 और नोएडा में 385 AQI दर्ज हुआ है। दूसरी  तरफ, फरीदाबाद की हवा सबसे साफ रही। यहां सूचकांक 257 दर्ज किया गया। हालांकि यह भी हवा की खराब श्रेणी मानी जाती है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *