छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में सीएम साय द्वारा वर्ष 2026 के शासकीय कैलेंडर का विमोचन किया गया। कैलेंडर विमोचन कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत और आयुक्त जनसंपर्क रवि मित्तल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। राज्य सरकार ने वर्ष 2026 को ‘महतारी गौरव वर्ष’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है जिसके थीम पर इस कैलेंडर को तैयार किया गया है। कैलेंडर का थीम सशक्त और समृद्ध छत्तीसगढ़ के संकल्प को प्रदर्शित करता है।
विमोचित किए गए कैलेंडर के मुख्य पृष्ठ पर डोंगरगढ़ की मां बमलेश्वरी, रतनपुर की मां महामाया, दंतेवाड़ा की मां दंतेश्वरी, चंद्रपुर की मां चंद्रहासिनी और सूरजपुर की मां कुदरगढ़ी जैसे पांच प्रमुख शक्तिपीठों को प्रमुखता से स्थान दिया गया है। इसके साथ ही कैलेंडर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के चित्र भी अंकित किए गए हैं। इसकी पृष्ठभूमि में सिरपुर और राजिम के मंदिर, आदिवासी संस्कृति, मधेश्वर पहाड़ और चित्रकोट जलप्रपात के दर्शनीय ग्राफिकल चित्र सम्मिलित किए गए हैं, जो राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक धरोहर के दर्शन कराते हैं।
कैलेंडर विमोचन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता मातृशक्ति का सम्मान और सशक्तिकरण है। महतारी गौरव वर्ष महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक स्वावलंबन को समर्पित है। उन्होंने कहा कि नववर्ष के लिए जारी किया गया यह कैलेंडर महिला सशक्तिकरण, जन कल्याणकारी योजनाओं और राज्य की प्राथमिकताओं का प्रतीक है जो सशक्त और समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा।
कैलेंडर के प्रत्येक महीने में राज्य की योजनाओं, अभियानों और सांस्कृतिक महत्व को प्रदर्शित किया गया है। जनवरी में प्रमुख शक्तिपीठ, फरवरी में राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान, मार्च में महतारी वंदन योजना को स्थान दिया गया है। अप्रैल में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, मई में तेंदूपत्ता संग्रहण और चरण पादुका योजना, जून में बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ अभियान को स्थान मिला है।
जुलाई माह में महिला मुखिया के नाम से पीडीएस राशनकार्ड व्यवस्था, अगस्त में रक्षाबंधन उत्सव, सितंबर में दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना और अक्टूबर माह में शौर्य सम्मान थीम को सम्मिलित किया गया है। कैलेंडर के नवंबर माह को “सेवा ही संकल्प” की भावना के साथ और दिसंबर माह को महिला सशक्तिकरण के रूप में दर्शाया गया है।
