उत्तराखंड: उत्तराखंड में मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी 2025-26 का 23 दिसंबर से शुभारंभ होने जा रहा है। इसमें कुल 26 खेल स्पर्धाएं होंगी। और ट्रॉफी विजेता को पांच लाख का पुरस्कार दिया जाएगा। खेल मंत्री रेखा आर्या ने इस मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी साझा की। खेल महाकुंभ इस बार नए प्रारूप में, मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी 2025-26 के नाम से आयोजित किया जाएगा।

वीरवार को सचिवालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में रेखा आर्या ने बताया कि यह प्रतियोगिता न्याय पंचायत, विधानसभा, संसदीय क्षेत्र और राज्य स्तरीय चार चरणों में आयोजित की जाएगी। इस प्रतियोगिता में कुल 26 खेल स्पर्धाएं आयोजित होंगी, जिनमें इस बार परंपरागत खेलों को भी जगह दी गई है।

चैंपियनशिप का समापन 28 जनवरी को होगा और इस दिन मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी के साथ विजेता को पांच लाख की नकद धनराशि भी दी जाएगी। चैंपियन का निर्णय उनके द्वारा जीते गए मेडल के आधार पर प्रदान किए गए अंकों के योग से किया जाएगा।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने सचिवालय स्थित एनआईसी कार्यालय में सभी जनपद के जिलाधिकारी के साथ इस आयोजन को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की। उन्होंने सभी जिलों के डीम को निर्देशित किया कि ट्रायल और खेलों में हिस्सा लेने वाले सभी खिलाड़ियों के पास जूते और ट्रैक सूट होना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सर्दी से खिलाड़ियों के लिए सर्दी से बचाव के लिए भी पर्याप्त व्यवस्था की जाए। उन्होंने प्रत्येक खेल स्थल पर स्वास्थ्य विभाग की टीम को तैनात करने, आवश्यकता पड़ने पर खिलाड़ियों को रात में ठहराने और भोजन आदि की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए।

इस प्रतियोगिता में सांसद ट्रॉफी जीतने वाली टीम को दो लाख और विधानसभा ट्रॉफी जीतने वाली टीम को एक लाख की नकद इनाम धनराशि दी जाएगी। खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि नेशनल रिकॉर्ड तोड़ने पर खिलाड़ी को एक लाख की अतिरिक्त इनाम राशि दी जाएगी। चैंपियनशिप के लिए रजिस्ट्रेशन 14 अक्तूबर से शुरू कर दिए गए थे, अभी तक एक लाख 10 हजार से ज्यादा खिलाड़ी अपना पंजीकरण करा चुके हैं। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 22 दिसंबर तक कराए जा सकते हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *