मध्य प्रदेश: मध्य प्रदेश में शहडोल जिले के सीतामढ़ी धाम में रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव माता शबरी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इस दौरान 750 करोड़ रुपए से ज्यादा के विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन और हितग्राहियों को लाभ वितरण भी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा रविवार को शहडोल जिले के सीतामढ़ी धाम स्थित ग्राम गंधिया में माता शबरी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। बता दें कि सीतामढ़ी धाम श्रीरामचंद्र पथगमन मार्ग का महत्वपूर्ण स्थल है। ऐसी मान्यता है कि वनगमन के दौरान भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण यहां विश्राम के लिए रुके थे। यह स्थान उन 248 स्थलों में सम्मिलित है, जहां भगवान श्रीराम के ठहरने की धार्मिक परंपरा मानी गई है। गांव में माता सीता की रसोई और भगवान श्रीराम का मंदिर भी स्थित है।

मुख्यमंत्री यहां कार्यक्रम में 750 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से जुड़े 142 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। ये कार्य नगरीय प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, लोक निर्माण विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, जल संसाधन विभाग और विद्युत वितरण कंपनी से जुड़े हैं।

इसके अलावा सीएम 134 करोड़ रुपये की लागत वाले 60 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन भी करेंगे। इनमें पंचायत एवं ग्रामीण विकास, ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण, स्वास्थ्य विभाग और विद्युत वितरण कंपनी आदि से जुड़े कार्य सम्मिलित हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा धनपुरी नगरपालिका में 20 करोड़ रुपये की लागत से बनाए गए नवीन वॉटर पार्क का भी लोकार्पण किया जाएगा। वॉटर पार्क में स्विमिंग पूल, क्लब हाउस और बच्चों व युवाओं के लिए मनोरंजन की सुविधाएं उपलब्ध रहेगी। यहां स्विमिंग पूल का निर्माण मिनी ओलंपिक मानकों के अनुरूप किया गया है।

इस कार्यक्रम के अवसर पर एसईसीएल द्वारा अधिग्रहित भूमि के 15 हितग्राहियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। इसके साथ ही वनाधिकार पट्टों का वितरण, ग्रामीण आजीविका मिशन के स्व-सहायता समूहों को सीसीएल, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण किट, स्पॉन्सरशिप योजना के लाभ और श्रम विभाग द्वारा दुर्घटना एवं मृत्यु मामलों में राहत राशि भी वितरित की जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *