पश्चिम बंगाल: वीरवार को प्रवर्तन निदेशालय ने कोलकाता में वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े एक मामले में करवाई की। निदेशालय की टीम ने टीएमसी के आईटी सेल प्रमुख प्रतीक जैन के कार्यालय पर छापा मारा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई वित्तीय अनियमितताओं की सूचना के संदर्भ में की गई। इस दौरान पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने प्रतीक जैन के घर पहुंचकर ईडी पर पार्टी से जुड़ी हार्ड डिस्क, आतंरिक दस्तावेज आदि जब्त करने का आरोप लगाया और नाराजगी जताई। टीएमसी के आईटी प्रमुख के घर प्रवर्तन निदेशालय की इस छापेमारी की कार्रवाई को ममता ने बेहद दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया।

ममता बनर्जी ने टीएमसी के आईटी सेल प्रमुख के घर पर प्रवर्तन निदेशालय की छापेमारी पर सवाल भी खड़े किए। उन्होंने पूछा कि क्या केंद्रीय गृह मंत्री का काम राजनैतिक दलों के आईटी प्रमुख के आवास पर छापेमारी करना है ? उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि टीएमसी के आईटी प्रमुख के घर पर ईडी की छापेमारी राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित और असंवैधानिक है। उन्होंने इसे गृह मंत्री का एक घिनौना कृत्य बताया।

ममता बनर्जी ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा, ‘ प्रवर्तन निदेशालय ने हमारे आईटी सेल प्रमुख के आवास पर छापा मारा था। वे विधानसभा चुनावों के लिए हमारे उम्मीदवारों से संबंधित विवरण, पार्टी के दस्तावेज और हार्ड डिस्क जब्त कर रहे थे। लेकिन मैंने उन्हें वापस ले लिया है।’ उन्होंने आरोप लगाते हुए यह भी कहा कि प्रवर्तन निदेशालय की मंशा ये सारे दस्तावेज जब्त कर भाजपा को देने की थी।

पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने इस प्रकरण में कहा कि छापेमारी की जगह सीएम ममता का पहुंचना असंवैधानिक है। सीएम ने केंद्रीय एजेंसी की जांच में दखलअंदाजी की है। उन्होंने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय को मुख्यमंत्री के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।

बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय ने वीरवार को देश के 06 राज्यों के 15 ठिकानों पर छापेमारी की कार्रवाई को अंजाम दिया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *