बिहार: 24 जनवरी को कर्पूरी ठाकुर जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समस्तीपुर आने की संभावना जताई जा रही है। उनका आगमन जननायक कर्पूरी ठाकुर के गांव कर्पूरी ग्राम में भी हो सकता है, जिस कारण कर्पूरी ग्राम सहित आसपास के कई क्षेत्रों में प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। अधिकारी लगातार निरीक्षण कर विकास और सफाई कार्य समय रहते पूर्ण कराने में जुटे हैं।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिलाधिकारी के नेतृत्व में एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने तैयारियों की समीक्षा की। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री कर्पूरी ग्राम पहुंचकर जननायक कर्पूरी ठाकुर के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित करेंगे और सर्वधर्म प्रार्थना में सम्मिलित होंगे। तय कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री गोकुल फुलेश्वरी महाविद्यालय में स्थापित कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद सीएम के समस्तीपुर प्रखंड के निजामत पंचायत आने की भी संभावना बताई जा रही है, जहां वे बिहार सरकार की विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण करेंगे।

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए हुए जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल अधिकारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी पिछले छह दिनों से लगातार क्षेत्र का निरीक्षण कर रहे हैं। शिवगंगा तालाब के मेंटेनेंस का कार्य शुरू कर दिया गया है। स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और पुस्तकालयों में डब्लू पीए के तहत रंग-रोगन के काम को भी गति दी जा रही है। क्षेत्र में साफ-सफाई के कार्यों को भी व्यापक स्तर पर किया जा रहा है। विभागों के अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं, ताकि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान किसी भी कार्य में कोई अनियमितता न नजर आए।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आगमन की संभावना को देखते हुए निरंतर तैयारियां की जा रही हैं। सफाई का कार्य लगातार चल रहा है। पिछली बार भी काफी तैयारियां की गई थीं, लेकिन किसी कारणवश मुख्यमंत्री का आना नहीं हो सका। इस बार पूरी उम्मीद जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री समस्तीपुर जरूर आएंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *