बिहार: बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पिता और बिहार सरकार में मंत्री रहे शकुनी चौधरी का आज 90वां जन्मदिन है। इस अवसर पर सम्राट चौधरी ने अपने आवास पर एक समारोह का आयोजन किया। इस आयोजन में सीएम नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, मंत्री विजय चौधरी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सहित कई दिग्गज नेता उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वयं उपस्थित होकर शकुनि चौधरी को जन्मदिन की बधाई दी और ईश्वर से उनकी दीर्घायु व स्वस्थ जीवन की प्रार्थना की।

इस अवसर पर सीएम नीतीश कुमार ने शकुनी चौधरी के दीर्घायु होने की कामना की। उन्होंने कहा कि यदि आप पटना में रहेंगे तो इसी तरह किसी न किसी अवसर पर हम लोगों की मुलाकात होती रहेगी। इसके साथ सीएम नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी की भी प्रशंसा की। कहा कि सम्राट बहुत अच्छा काम कर रहे हैं और भविष्य में वह काफी आगे जाएंगे।

शकुनी चौधरी ने मुख्यमंत्री से हुए वार्तालाप के संबंध में कहा कि आज पुराने समय की यादें ताजा हो गईं। उन्होंने कहा कि लालू यादव के अत्याचार को खत्म करने के लिए लव-कुश समीकरण बनाया गया था, उसी की देन आज नीतीश कुमार हैं। उस दौर में जॉर्ज फर्नांडिस के नेतृत्व में जो बीज मैंने बोया था, वह आज फलीभूत होकर वृक्ष बन गया है। आज राज्य में लव-कुश समाज का बेटा मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री बन गया है। आज मेरा सपना पूरा हो गया है और मेरी मनोकामना है कि इन दोनों के नेतृत्व में बिहार तरक्की की सीढ़ियां चढ़ता चला जाए।

अपने पिता के जन्मदिन समारोह पर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि सभी ने शकुनी चौधरी को शुभकामनाएं दी हैं। सबने उनके सामाजिक योगदान और प्रेरणादायक जीवन की सराहना की। शकुनी चौधरी के जन्मदिवस के अवसर पर सरकारी आवास पर शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा रहा। इस अवसर आयोजित किए गए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित सहित कई वरिष्ठ नेतागण, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम लोग सम्मिलित हुए।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *