उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में चल रही 45 हजार होमगार्ड भर्ती में आपदा मित्रों को प्राथमिकता दिए जाने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि अभी आपदा मित्र की सेवा स्वैच्छिक है, लेकिन जब वे होमगार्ड के रूप में कार्यरत होंगे तो उन्हें सरकार द्वारा मानदेय भी प्रदान किया जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को अपने सरकारी आवास पर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत ढाई लाख से ज्यादा किसानों को 285 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति राशि का वितरण करने के पश्चात संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन में फर्स्ट रिस्पॉन्डर आपदा मित्र हो सकता है। 25 जिलों में 29 हजार से ज्यादा युवा स्वयंसेवकों को प्रशिक्षण दे कर आपदा मित्र प्रबंधन से जुड़े कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया गया है।

सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा प्रशिक्षित युवा स्वयंसेवकों को तीन साल तक के लिए जीवन व चिकित्सा बीमा की सुविधा देने का निर्णय भी लिया गया है। इसके लिए कुछ दिनों पूर्व आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा नेशनल इंश्योरेंस कंपनी के साथ एमओयू किया है, जिसके तहत आपदा मित्र को तीन साल के लिए 5 लाख का बीमा कवर प्रदान किया जा रहा है। प्रदेश में काफी युवा स्वयंसेवक प्रशिक्षित किए जा चुके हैं और शीघ्र ही शेष को भी प्रशिक्षित किया जाएगा।

सीएम ने कहा कि आपदा प्रबंधन प्राधिकरण स्नातक-परास्नातक विद्यार्थियों के लिए दो वर्षीय आपदा प्रबंधन इंटर्नशिप कार्यक्रम भी चला रहा है। युवा इस कार्यक्रम पूर्ण करके आगे बढ़ सकते हैं। विदित हो कि होमगार्ड भर्ती के लिए आवेदन हो चुके हैं और इसके लिए आगे की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

सीएम योगी ने बताया कि लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी, आजमगढ़ और झांसी में डॉप्लर वेदर राडार की स्थापना होने जा रही है। इससे मौसम का पूर्वानुमान लगाने के साथ ही आकाशीय बिजली गिरने के खतरे वाली जगह का भी पता लगाया जा सकेगा। प्रदेश में 450 ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन और ब्लॉक स्तर पर 2000 ऑटोमेटिक रेन गेज स्थापित करने की कार्रवाई अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।

मुख्यमंत्री योगी ने बागपत, शामली, भदोही व कासगंज में उप कृषि निदेशक कार्यालय व मृदा परीक्षण प्रयोगशालाओं, राजकीय भूमि संरक्षण केंद्र मऊरानीपुर झांसी में 50 बेड की छात्रावास इमारत और लखनऊ में स्मार्ट कृषि ब्यूरो स्टूडियो इकाई का शिलान्यास भी किया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *