राजस्थान: भारतीय मौसम विज्ञान की ओर से दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के लिए जारी किए गए अलर्ट के बाद राजस्थान में लगातार सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस के चलते सर्दी का असर बढ़ गया है। प्रदेश के कई जिलों में शीतलहर चल रही है, जिससे तापमान में 4 डिग्री तक की गिरावट दर्ज हुई है। मौसम विभाग द्वारा राजस्थान के कई जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। जयपुर सहित कई शहरों में बादल छाए रहने के बाद हुई बारिश और ओलावृष्टि से ठंड में बढ़ोत्तरी हुई है।
राजस्थान में लगातार सक्रिय हो रहे वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से अगले दस दिनों तक कड़ाके की सर्दी का दौर जारी रहने की संभावना है। बुधवार को भी प्रदेश के कई जिलों में शीतलहर चलने के आसार हैं, जिससे तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। मौसम विभाग ने बुधवार को राज्य के कई जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। जयपुर सहित कई जिलों में सुबह से ही घने बादल छाए हुए हैं। बीते दिवस प्रदेश के कई हिस्सों में चले आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के दौर से ठंड में दोबारा से इजाफा हुआ है। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि प्रदेश में दो – तीन दिन बाद एक और नया वेदर सिस्टम सक्रिय हो सकता है, जिसके चलते वर्षा और तेज हवाओं का दौर एक बार फिर से शुरू होने की संभावना बन सकती है।
विगत 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई शहरों और ग्रामीण इलाकों में बारिश और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि दर्ज हुई। कई शहरों में दिन का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। हनुमानगढ़ शहर राज्य का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज हुआ।
मंगलवार हुई बारिश और ओलावृष्टि के पश्चात देर शाम आसमान साफ होने पर रात्रि में धुंध और कोहरा देखने को मिला। हनुमानगढ़, चुरू, बीकानेर, गंगानगर और जैसलमेर में हल्का कोहरा छाया रहा। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, मौजूदा सिस्टम की वजह से प्रदेश में नमी बढ़ गई है, जिससे बुधवार और वीरवार को घना कोहरा छाने की संभावना बढ़ गई है। साथ ही उत्तरी हवाएं सक्रिय होने से सुबह और शाम के तापमान में गिरावट आएगी जिससे गलनभरी सर्दी महसूस हो सकती है।
