हिमाचल प्रदेश: हिमाचल प्रदेश में शीतलहर का प्रकोप बढ़ता रहा है। गिरते तापमान ने पहाड़ से मैदान तक लोगों की दिनचर्या प्रभावित कर दी है। जहां प्रदेश में अधिकतर जगहों पर रात का तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है, वहीं कई स्थानों पर रात का तापमान जीरो डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया । पिछले चौबीस घंटों के दाैरान मंडी, कांगड़ा, हमीरपुर, पालमपुर, बिलासपुर आदि शहरों में शीतलहर महसूस की गई। शिमला में भी न्यूनतम तापमान कल के मुकाबले आज कम दर्ज किया गया। राज्य में सुबह-शाम की ठिठुरन में बढ़ोत्तरी हुई है। राज्य में औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया है रहा है।

लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में पारा माइनस -10 डिग्री सेल्सियस से नीचे तक गिर गया। तापमान में तीव्र गिरावट से पाइपों में पानी जम गया है। किन्नौर और ऊंचाई वाले इलाकों में भी हालात लगभग ऐसे ही बने हुए हैं। प्रदेश की राजधानी में भी रात्रि के समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है जिससे कई क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई है। सुबह के वक्त सड़कों पर पाला जमने से फिसलन बढ़ गई है। इसके चलते वाहन चालकों को काफी  परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दूसरी तरफ हमीरपुर, मंडी, सोलन और सिरमौर जैसे मैदानी जिलों में कोहरा पड़ने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

पहाड़ से मैदान तक ठंड ने लोगों की दिनचर्या प्रभावित कर दी है। प्रदेश में रात का तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है।माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार समूचे प्रदेश में आगामी 15 जनवरी तक माैसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। वहीं ऊना, मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा आदि के कुछ क्षेत्रों में 13 जनवरी तक सुबह – शाम के वक्त घना कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।  

सोलंगनाला से लेकर अटल टनल तक और कोकसर में बर्फवारी होने से बड़ी संख्या में पर्यटक बर्फ का लुत्फ उठाने पहुंच रहे हैं। बारिश नहीं होने से पहाड़ी भागों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक सूखी ठंड सबके लिए परेशानी का सबब बनी है। शिमला में न्यूनतम तापमान 1.5, सुंदरनगर में -0.4, भुंतर में -1.4, कल्पा में -3.8, पालमपुर में -0.5, सोलन में -2.2 और मनाली में -1.4 दर्ज किया गया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *