मध्य प्रदेश: मध्य प्रदेश के इंदौर में मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहे हैं। रविवार को जहां दिन का तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया, तो वहीं सोमवार को दिन का तापमान 25.7 डिग्री रहा, जो सामान्य से दो डिग्री कम था। सोमवार रात का तापामान 5.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से छह डिग्री कम था। रविवार रात को तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस था।
इंदौर में शीतलहर का दौर लगातार जारी है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, दिसंबर माह तक इंदौर शीतलहर के आगोश में रहेगा। बर्फीले इलाकों में लगातार बर्फबारी के चलते राजस्थान व मध्य प्रदेश के हिस्सों में ठंडी हवाएं आ रही हैं जिनसे तापमान तेजी से नीचे गिर रहा है। सोमवार रात को शहर की सड़कें हल्की कोहरे की चादर से लिपटी हुई नज़र आईं।
शहर में रात को ठंड के तेवर भी तीखे हो गए हैं। सड़कों पर ट्रैफिक आम दिनों की तुलना में कम नजर आ रहा है। काफी अरसे बाद मंगलवार की सुबह ओस की बूंदों से नहाई हुई थी। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण हिमालय क्षेत्र में बर्फबारी हो रही है, जिससे उत्तरी हवाएं देश के मैदानी हिस्सों में ठंडक बढ़ा रही हैं। फिलहाल यह दौर लगातार जारी रहेगा और तापमान में लगातार गिरावट आएगी।
