नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा सोमवार को पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार स्थित रामलीला मैदान में लगभग 1000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। इस दौरान केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा, विधायक अरविंदर सिंह लवली, ओमप्रकाश शर्मा, अभय वर्मा, अनिल गोयल, गोयल, रविंद्र नेगी तथा रविकांत भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि संतुलित विकास के लिए मजबूत बुनियादी ढांचे की आवश्यकता है। उन्होंने पूर्व की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि सालों तक सत्ता में बने रहने के बावजूद किसी क्षेत्र की नालियों, सड़कों और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति में सुधार नहीं हो पाता तो यह प्रशासनिक विफलता का संकेत है।
सीएम ने कहा कि अब राजनीति नहीं, नतीजों का वक्त है। अब दिल्ली का कोई भी क्षेत्र विकास से अछूता नहीं रहेगा। विभिन्न परियोजनाओं के तहत लोक निर्माण विभाग करीब 780 करोड़ रुपये की लागत से पूर्वी दिल्ली की सड़कों का सुदृढ़ीकरण करेगा। इससे ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार तो होगा ही, साथ ही नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा भी मिल पाएगी।
साथ ही करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से पांच फुटओवर ब्रिज भी बनाए जाएंगे, जिससे पैदल यात्रियों को राहत प्रदान होगी। सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के तहत लगभग 270 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रारंभ की जा रही हैं। इनमें कई नालों का पुनर्निर्माण और सुधार, बाउंड्रीवॉल का निर्माण और 18 सड़कों और पुलों का निर्माण सम्मिलित है। इन कार्यों से जल निकासी प्रणाली को मजबूत रखा जाएगा जिससे बारिश के दौरान जलभराव की समस्या में कमी आने की संभावना है।
सोमवार को उपराज्यपाल वीके सक्सेना और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छह मंजिला अत्याधुनिक मल्टीलेवल कार पार्किंग का उद्घाटन भी किया। इससे दक्षिणी दिल्ली के प्रमुख कारोबारी केंद्र नेहरू प्लेस की लंबे समय से चली आ रही पार्किंग की समस्या को बड़ी राहत मिली है। इस छह मंजिला अत्याधुनिक मल्टीलेवल कार पार्किंग के शुरू होने से बाजार क्षेत्र में अव्यवस्थित पार्किंग और जाम की समस्या में कमी आने की उम्मीद जगी है।
बता दें कि नेहरू प्लेस की गिनती देश के सबसे बड़े आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स बाजारों में की जाती है जहां प्रतिदिन हजारों लोग खरीदारी और व्यावसायिक कार्यों के लिए आते हैं। सड़क किनारे पार्किंग और अनधिकृत खड़े वाहनों के चलते यहां अक्सर भीषण जाम की स्थिति बन जाती है। नई मल्टीलेवल पार्किंग इस जाम के दबाव को कम करने की दिशा में एक अहम पहल मानी जा रही है। इससे इलाके में बाजार की सड़कों पर अवैध पार्किंग कम होगी और यातायात ज्यादा सुव्यवस्थित रह पाएगा।
