उत्तर प्रदेश/ उत्तराखंड: मौनी अमावस्या पर प्रयागराज के संगम तट पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है और श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। इस पावन अवसर पर तीन करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के संगम में स्नान करने का अनुमान जताया जा रहा है। व्यवस्थाएं बनाए रखने के लिए मेला पुलिस सक्रिय है और सुरक्षा के मद्देनजर समूचे क्षेत्र की जल, थल और नभ से निगरानी कर रही है।

माघ मेले के तीसरे और सबसे बड़े स्नान पर्व मौनी अमावस्या के स्नान पर्व पर श्रद्धालुओं का रेला उमड़ रहा है। ब्रह्म मुहूर्त से ही स्नान घाटों पर लोगों के स्नान का क्रम प्रारंभ हो गया था। मौनी अमावस्या में मौन रखकर स्नान और दान का विशेष महत्व है। मौनी अमावस्या से एक दिन पूर्व ही एक करोड़ से अधिक की संख्या में श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा कर पुण्य के भागी बन चुके हैं।

इस अवसर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और प्रयागराज में मौनी अमावस्या के मौके पर श्रद्धालु बड़ी संख्या में संगम घाट पर पवित्र स्नान करने पहुंच रहे हैं। स्नान आदि के लिए उचित व्यवस्था की गई है और अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। उत्तर प्रदेश प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की हुई है और यूपी एटीएस की मोबाइल गश्ती टीमें मेला क्षेत्र की निगरानी कर रही हैं।

मौनी अमावस्या के पावन अवसर पर उत्तराखंड के हरिद्वार में भी पवित्र गंगा नदी में स्नान करने के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है। कड़ाके की ठंड के बीच देशभर से हरिद्वार पहुंच रहे श्रद्धालु भोर से ही हरकी पौड़ी समेत विभिन्न घाटों पर स्नान कर रहे हैं।

रविवार तड़के सवेरे से ही हरकी पौड़ी और अन्य घाटों पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला तेज हो गया। सूर्य की पहली किरण के साथ ही  गंगा में स्नान और सूर्यदेव को अर्घ्य देने का क्रम प्रारंभ हो गया था। इस पावन स्नान पर पुलिस और प्रशासन विशेष चौकसी बरत रहा है। घाटों पर अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई है, ड्रोन व सीसीटीवी की मदद से निगरानी की जा रही है। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए कुछ रूट परिवर्तित किए गए है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम भी अलर्ट मोड पर तैनात है।

पंडित और पुरोहितों के अनुसार, मौनी अमावस्या 17 जनवरी की रात में 11 बजकर 54 मिनट से प्रारंभ होकर 18 जनवरी रात लगभग 1 बजे तक रहेगी। इस वजह से संगम स्नान का सिलसिला 18 जनवरी देर रात तक चलने की संभावना जताई जा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *