पंजाब: पंजाब प्रदेश के डीजीपी गौरव यादव और आईजी हेडक्वार्टर सुख चैन सिंगल ने बुधवार को पंजाब पुलिस मुख्यालय में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया। इस प्रेस वार्ता में उन्होंने नववर्ष 2026 में पंजाब पुलिस तैयारियों के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी। डीजीपी ने बताया कि पुलिस की नशे के विरुद्ध पहले से ही मुहिम जारी है, जिसे अब और सशक्त बनाया जाएगा। मुहिम युद्ध नशा विरुद्ध में अब पुलिस ने लोगों की मदद के लिए एक ऐप बनाई है जिससे इस मुहिम को और तेजी मिलेगी।

डीजीपी ने बताया कि पुलिस की गाड़ियों को भी अपग्रेड किए जाने का कार्य किया जा रहा है। पुलिस थानों को भी आधुनिक बनाकर उनमें नए भर्ती जवानों की तैनाती की जाएगी। विदेश भेजने का झांसा देकर लोगों से पैसा ठगने वाले ट्रैवल एजेंट भी अब हमारे रडार पर हैं। प्रदेश में किसी भी तरह के अपराध करने वाले अपराधियों के साथ नरमी नहीं दिखाई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर संगठित रूप से अपराध से लड़ा जाएगा। प्रदेश में अपराध कर के विदेश में छिपे बैठे अपराधियों को वापिस लाकर उन्हें सजा दिलाई जाएगी। अपराधियों का साथ देने और उनकी मदद करने वालों पर भी कार्रवाई होगी।

गौरव यादव, डीजीपी पंजाब

डीजीपी ने बताया कि पुलिस का रिस्पॉन्स टाइम, जो अभी 12 मिनट के आसपास है, उसे 7- 8 मिनट के पास लाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रदेश में 200 करोड़ रुपए की लागत से एक नया पुलिस कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा जिसके लिए सरकार ने भूमि का चयन कर लिया है। इसके साथ ही साथ प्रदेश में नए थाने भी स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि साल 2026 की पहली तिमाही में पूरे प्रदेश में 2000 से अधिक नए सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएंगे जिनकी मदद से किसी भी घटना की स्पष्ट जानकारी मिल सकने में आसानी होगी,  साथ ही सीमा पार की संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने साइबर क्राइम पर भी लगाम कसने की बात कही। डीजीपी ने कहा कि पुलिस की यही प्राथमिकता है कि पंजाब प्रदेश में हर एक नागरिक बेखौफ होकर अमन चैन से अपना जीवन व्यतीत करे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *