नई दिल्ली : रविवार की रात टी20 वर्ल्ड कप जीतते ही पूरी दिल्ली में दीपावली जैसा माहौल बन गया। रविवार शाम से ही टीवी के सामने और मोबाइल लेकर बैठे लोगों ने फाइनल मुकाबले की पहली बाल से ही खेल का लुत्फ उठाया। खिताबी मुकाबले में बैटिंग और बॉलिंग के साथ भारतीय टीम का बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिला जिसके फलस्वरूप न्यूजीलैंड को करारी हार का सामना करना पड़ा।
गुजरात के अहमदाबाद में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में जैसे ही भारतीय टीम ने जीत दर्ज की, राजधानी दिल्ली की सड़कों, चौराहों और गली – नुक्कड़ में जश्न का माहौल बन गया। पटाखों की गूंज, ढोल-नगाड़ों की थाप और देशभक्ति से भरे नारों के बीच लोगों ने इस ऐतिहासिक जीत को उत्सव की तरह सेलिब्रेट किया।
पूरी दिल्ली में दिवाली जैसा जश्न मनाया गया। लोगों ने आतिशबाजी की और एक दूसरे को मिठाइयां खिलाई। साथ ही उन्होंने सड़कों पर उतरकर भारत माता की जय के खूब नारे लगाए। होली के बाद एक बार दोबारा से लोग एक दूसरे को रंग अबीर लगाते नजर आए।
बता दें कि फाइनल मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच एकतरफा मुकाबला देखने को मिला, जहां टीम इंडिया ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से न्यूजीलैंड की गेंदबाजों की जमकर धुनाई की तो वहीं दूसरी ओर अपनी कसी हुई गेंदबाजी से न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को पिच पर टिकने नहीं दिया और मुकाबला जीत लिया।
भारतीय बल्लेबाजों की तरफ से लगाए जा रहे हर छक्के और चौके पर भारतीय समर्थक रोमांचित हो रहे थे। कोई गली व सड़कों पर बड़ी टीवी स्क्रीन पर, तो कोई मेट्रो, बस या कार में मैच की पल-पल की अपडेट ले रहा था।
युवाओं की टोलियां तिरंगा लेकर सड़कों पर नजर आ रही थीं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में भारत की जीत का उत्साह देखते ही बन रहा था। पटाखों की आवाज और खुशी के शोर से दिल्ली का माहौल पूरी तरह उत्सव में तब्दील हो गया। सोशल मीडिया पर भी दिल्लीवासियों ने जमकर अपनी खुशी का इजहार किया। व्हाट्सएप ग्रुप, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर बधाइयों का सिलसिला देर रात तक निरंतर चलता रहा। लोग भारतीय खिलाड़ियों की तारीफ करते और उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं देते रहे। गुजरात के अहमदाबाद में खेला गया यह फ़ाइनल मुकाबला दिल्ली के लिए भी यादगार बन गया।
टीम इंडिया ने भी तीसरी बार टी20 विश्वकप चैंपियन बनने और बड़ी जीत हासिल करने के बाद मैदान पर खुशी का जश्न मनाया। मैच खत्म होने के पश्चात कई भारतीय खिलाड़ियों के परिवार और करीबी मैदान पर पहुंचे और सभी ने मिलकर इस खास पल को इंजॉय किया। भारतीय टीम के खिलाड़ियों के चेहरे पर जीत की खुशी स्पष्ट नजर आ रही थी और वे अपने परिवार के साथ समय बिताते हुए काफी उत्साहित नजर आए।
