गुजरात: कुवैत से दिल्ली आ रहे इंडिगो विमान को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। एहतियातन विमान की अहमदाबाद में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। धमकी भरा नोट लिखने के लिए टिशू पेपर का इस्तेमाल किया गया था।
पिछले कुछ समय से विमानों पर धमकी भरे संदेशों का खतरा लगातार मंडरा रहा है। शुक्रवार को कुवैत से दिल्ली आ रहे इंडिगो के विमान को बम से उड़ाने और हाईजैक करने की धमकी मिली, जिसके पश्चात सतर्कता बरतते हुए विमान की अहमदाबाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक टिशू पेपर पर नोट लिखकर प्लेन को हाईजैक करने और बम से उड़ाने की धमकी दी गई। इसके उपरांत जहाज के सभी 180 यात्रियों और उनके सामान की अच्छी तरह से तलाशी ली गई। प्रत्येक यात्री की पहचान की पुष्टि की जा रही है। धमकी के मद्देनजर विमान की सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग कराई गई।
धमकी भरा नोट मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां फौरन सक्रिय हो गईं लेकिन हवाई अड्डे के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अभी तक किसी भी तरह की संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु की बरामदगी नहीं हुई है।
पूर्व में भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। 18 जनवरी और 22 जनवरी को भी इसी तरह की घटना घटित हुई थी। 18 जनवरी को दिल्ली से पश्चिम बंगाल जा रही इंडिगो की फ्लाइट में बम की धमकी मिली थी, जिससे विमान को फौरन लखनऊ की तरफ घुमाना पड़ा था। इसके बाद 22 जनवरी को दिल्ली से पुणे जा रही इंडिगो फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। विमान के टॉयलेट में हाथ से लिखा धमकी भरा नोट बरामद हुआ था, जिसके बाद पुणे एयरपोर्ट पर विमान की आपात लैंडिंग कराई गई थी।
