उत्तराखंड : सरोवर नगरी नैनीताल में शनिवार को पर्यटकों की आमद बढ़ने से पर्यटन स्थलों पर खासी चहल – पहल देखने को मिली। शाम के समय सड़क पर वाहनों की कतार लगने से यातायात प्रभावित हुआ। वीकेंड नैनीताल में बिताने के लिए शनिवार सुबह से ही पर्यटकों ने नैनीताल का रुख किया। दोपहर बाद पर्यटक वाहनों की संख्या में इजाफा होने से सड़कों पर वाहनों की लंबी कतार नजर आई। जिसका असर तल्लीताल और हिमालय दर्शन क्षेत्र में यातायात व्यवस्था पर दिखाई दिया। सारा दिन तल्लीताल, मल्लीताल, बोट स्टैंड, जू, चाट बाजार, हिमालय दर्शन, ठंडी सड़क पर पर्यटकों का जमघट लगा रहा। व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए शनिवार को पार्किंग पैक होने के बाद पर्यटकों के वाहनों को अस्थायी पार्किंग स्थलों पर रोका गया।
नगर में पर्यटन गतिविधि और पर्यटकों की संख्या बढ़ने से यहां वाहनों, दुकान, रेस्टोरेंट व फड़ लगाने वालों की संख्या में भी बढ़ोत्तरी हो रही है। कई लोग यहां के फुटपाथाें पर कब्जा कर दुकान, रेस्टोरेंट व फड़ चला रहे हैं जिसके चलते स्थानीय लोगों व पर्यटकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। फुटपाथ पर ही वाहन खड़े करने से भी समस्या और विकराल हो रही है।
नैनीताल में प्रत्येक दिन पर्यटकों के साथ – साथ बाहरी कारोबारियों की संख्या भी बढ़ रही है । नगर के फुटपाथों पर लोगों व कारोबारियों का कब्जा होने से नगर में आए दिन जाम लगना आम बात हो गई है। वर्षों से कुछ लोग तल्लीताल नया बाजार में फुटपाथ पर हर समय अपने वाहन पार्क किए रहते हैं जिससे आम जनमानस फुटपाथ के बजाए सड़क पर चलने को मजबूर हैं। मल्लीताल स्थित तिब्बती बाजार की पार्किंग की तरफ अवैध फड़ लगाए जा रहे हैं। न्यू पालिका बाजार में भी कुछ स्थानों पर अतिक्रमण किया गया है जिससे लोगों को आवाजाही में दिक्कतें पेश आती हैं। देर शाम माल रोड़ के किनारे फड़ लगाने वालों की संख्या बढ़ जाने से लागों की बीच सड़क पर चलना मजबूरी बन जाती है। जिला मुख्यालय होने के बावजूद प्रशासन द्वारा इस समस्या पर कोई विशेष ध्यान नहीं दिया जा रहा है और पर्यटकों के साथ नगरवासियों को इस समस्या से दो – चार होना पड़ रहा है।
