उत्तराखंड: उत्तराखंड में भी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक पार्टियों की सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में 14 फ़रवरी को देहरादून में भाजपा की कोर कमेटी की बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक की अध्यक्षता भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा की जाएगी। इसके लिए आने वाले एक – दो दिनों में कोर कमेटी की घोषणा कर दी जाएगी।

प्रदेश भाजपा में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज़ हो गई हैं।
भाजपा कोर कमेटी की बैठक विधानसभा चुनाव के लिए रणनीतिक रूप से अहम मानी जाती है। इसकी महत्ता कई स्तरों पर होती है। कोर कमेटी में राज्य से जुड़े बड़े राजनीतिक मामलों जैसे गठबंधन, प्रमुख अभियानों की दिशा आदि पर मंथन होता है। विधानसभा चुनाव से पूर्व कोर कमेटी सीट बंटवारे की रणनीति, उम्मीदवारों के चयन की रूपरेखा, प्रचार के तरीकों और कमजोर व मजबूत क्षेत्रों पर विचार – विमर्श करेगी। इस बैठक में जिला, मंडल और बूथ स्तर तक की समीक्षा की जाने की संभावना है।

बैठक में इस बात पर विशेष ध्यान जाएगा कि किन जगहों पर संगठन मजबूत स्थिति में है और कहां सुधार की आवश्यकता है। सरकार के कामकाज और संगठन के बीच तालमेल को लेकर दिशा-निर्देश तय किए जाएंगे। मंत्रियों और संगठन पदाधिकारियों की भूमिकाओं पर भी चर्चा होगी। चुनाव में किस प्रकार राष्ट्रीय और राज्य सरकार अपनी उपलब्धियों से आमजन को अवगत कराएगी, इस पर भी मंथन होगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अनुसार कोर कमेटी की जल्द घोषणा की जाएगी, जिसके बाद पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में कोर कमेटी की बैठक आयोजित होगी।

भारतीय जनता पार्टी का पहला राज्य स्तर का सर्वे पूर्ण हो गया है। पहले सर्वे में सामने आए इनपुट के आधार पर संगठन कोर कमेटी में अपनी रणनीति को मजबूत करने का प्रयास करेगा। सर्वे रिपोर्ट के बाद अब दूसरे चरण का सर्वे शुरू कराया जाएगा। केंद्रीय नेतृत्व अलग से सर्वे कराएगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विधायक और मंत्री, सभी को अपनी सीट पर ही अगले विधानसभा चुनाव की तैयारी करने के लिए निर्देशित किया है। संगठन ने इस पर अपना रुख अभी से साफ कर दिया है। विधायकों और मंत्रियों को चुनाव से पहले सीट बदलने का मौका नहीं मिलेगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *