राजस्थान: राजस्थान के जयपुर एयरपोर्ट पर गुरुवार को एक बार फिर उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ। इंडिगो एयरलाइंस और एयर इंडिया की तीन फ्लाइट्स को आखिरी समय पर रद्द किए जाने से बड़ी संख्या में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा और एयरपोर्ट पर अव्यवस्था के हालात बने। दिसंबर में इंडिगो क्राइसिस के बाद अब फिर से फ्लाइट शेड्यूल गड़बड़ाने को लेकर यात्रियों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट जो सुबह 5:50 बजे जयपुर से चंडीगढ़ के लिए रवाना होने वाली थी, पहले करीब ढाई घंटे की देरी से चली। इसके बाद एयरलाइन ने ऑपरेशनल कारण बताते हुए उड़ान को रद्द कर दिया। एयरलाइन सूत्रों की मानें तो, विमान उपलब्ध न होने के कारण यह फैसला लिया गया।

वहीं एयर इंडिया की दिल्ली से सुबह 7:10 बजे जयपुर आने वाली फ्लाइट को भी अंतिम समय में रद्द कर दिया गया। इसके साथ ही जयपुर से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट  को भी लास्ट मूवमेंट पर कैंसिल कर दिया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली से आने वाली फ्लाइट ऑपरेशनल कारणों से उड़ान नहीं भर सकी, जबकि जयपुर से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट विमान की कमी के कारण रद्द करनी पड़ी।

एक ही दिन में तीन फ्लाइट्स के रद्द होने से यात्रियों में भारी नाराजगी दिखी। कई यात्रियों ने बताया कि उन्हें आखिरी वक्त पर कैंसिलेशन की सूचना मिली, जिससे उनकी यात्रा का पूरा शड्यूल बिगड़ गया। कुछ यात्रियों ने एयरलाइन कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई। हालांकि दोनों एयरलाइंस ने प्रभावित यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों और रिफंड की सुविधा देने की बात कही है, लेकिन बार-बार हो रहे आखिरी समय के कैंसिलेशन से जयपुर एयरपोर्ट पर यात्री परेशानी में पड़ रहे हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *