उत्तराखंड : उत्तराखंड में चमोली जनपद के सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए इस वर्ष नीती एक्ट्रीम अल्ट्रा रन का आयोजन किया जा रहा है।

उत्तराखंड पर्यटन विभाग पहली बार चीन सीमा क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नीती एक्ट्रीम अल्ट्रा रन का आयोजन करने जा रहा है। 31 मई और एक जून को नीती घाटी में इसका आयोजन किया जाएगा जिसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रारंभ हो गए हैं। चमोली जनपद के सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ाने के लिए इस अल्ट्रा रन का आयोजन किया जा रहा है।

इस आयोजन के तहत सर्वप्रथम 42 किलोमीटर की दौड़ आयोजित की जाएगी, जो 3100 मीटर ऊंचाई पर स्थित मलारी से शुरू होकर 3600 मीटर की ऊंचाई पर स्थित नीती गांव तक पहुंचेगी और वापस मलारी में आकर समाप्त होगी। अल्ट्रा मैराथन 75 किमी की दौड़ 4340 मीटर ऊंचाई पर स्थित सीमांत क्षेत्र रिमखिम से शुरू होगी, सुमना होते हुए नीती और वापस मलारी में आकर इसका समापन होगा। इसके अलावा एक जून को 21 किमी और पांच किमी दौड़ भी आयोजित की जाएगी। यह पांच किमी की दौड़ ओपन वर्ग की होगी, इसमें हर आयु वर्ग के महिला-पुरुष भाग ले सकते हैं।

75 किमी की अल्ट्रा रन सिर्फ भारतीय प्रतिभागियों के लिए रखी गई है क्योंकि विदेशी व्यक्तियों को नियमानुसार इनर लाइन परमिट जारी नहीं किया जा सकता। इस दौड़ में सिर्फ वही लोग प्रतिभाग कर सकते है जिन्होंने विगत 10 माह के भीतर 42 किमी दौड़ पूरी की हो या छह महीने के भीतर दो 21 किमी की दौड़ पूर्ण की हो। इसके अतिरिक्त  जिस खिलाड़ी ने आदि कैलाश अल्ट्रा रन पूरी की हो या 42 किमी दौड़ पूरी की हो या पिछले एक साल में किसी भी अल्ट्रा रन को पूरा किया हो वह भी इसमें प्रतिभाग कर सकता है। इस दौड़ को पूर्ण करने की अवधि 14 घंटे रखी गई है।

चमोली जिले के जिला पर्यटन अधिकारी के अनुसार, 42 किमी की मैराथन के लिए इनर लाइन परमिट की अनुमति की आवश्यकता नहीं है इसलिए इसमें विदेशी भी भाग ले सकते हैं। प्रतिभागी के पास पिछले छह माह के भीतर उच्च हिमालयी क्षेत्र की किसी भी 21 किमी दौड़ पूरी करने या पिछले 10 माह में दो हाफ मैराथन पूरी करने का प्रमाण पत्र होना चाहिए। इस दौड़ को पूर्ण करने की समय अवधि आठ घंटे रखी गई है। 31 मई को प्रस्तावित नीती एक्ट्रीम अल्ट्रा रन मैराथन के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रारंभ कर दिए गए है। पर्यटन विभाग द्वारा मैराथन की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *