उत्तर गोवा के अर्पोरा में ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइटक्लब में हुए भयानक अग्निकांड के मुख्य आरोपी गौरव और सौरभ लूथरा को थाईलैंड से भारत लाया जा रहा है। बैंकॉक में प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों आरोपी भारत के लिए रवाना हो चुके हैं। मीडिया रिपोर्टस में बताया गया है कि लूथरा बंधु के दोपहर तक भारत पहुंचने की संभावना है। राजधानी दिल्ली पहुंचते ही लूथरा बंधुओं को गोवा पुलिस अपने हिरासत में ले लेगी, जिसके बाद दोनों आरोपियों को पाटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जाएगा।
बीती 6 दिसंबर की रात गोवा के नाइटक्लब में हुए अग्निकांड में 25 लोगों की जान चली गई थी, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। ऐसे में लूथरा बंधुओं को 10 दिनों बाद भारत लाने से पीड़ितों के परिजनों में इंसाफ की उम्मीद जगी है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए कई ऑनलाइन वीडियोज में लूथरा बंधुओ को बैंकॉक एयरपोर्ट पर देखा गया। भारत पहुंचने पर उन्हें गोवा पुलिस और अन्य संबंधित अधिकारियों को सौंप कर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस मामले में पांच मैनेजर और स्टाफ सदस्य को। पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अधिकारियों के अनुसार, आग की जांच और सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के मामलों में सभी जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
