जम्मू: गृह मंत्री अमित शाह जम्मू कश्मीर के दौरे पर हैं। शुक्रवार को उन्होंने बोबिया परिसर में पौधरोपण किया और सीमा प्रहरियों के कल्याण के लिए 07 करोड़ रूपए की परियोजनाओं का श्रीगणेश किया। इन परियोजनाओं में नवनिर्मित सोलर वाटर हीटर, सोलर पावर प्लांट और अधिकारियों के लिए मेस सम्मिलित हैं।

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस अवसर पर सीमा सुरक्षा बल की 240 करोड़ रुपए से अधिक की बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया गया। साथ ही उन्होंने अग्रिम चौकी पर बीएसएफ जवानों और अधिकारियों के साथ दोपहर का भोजन कर उनकी हौसला अफजाई की।

कठुआ, किश्तवाड़ और उधमपुर में आतंकियों से हुई मुठभेड़ों के बाद तीन दिवसीय दौरे पर जम्मू पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह कठुआ जिले की अंतरराष्ट्रीय सीमा का दौरा किया। हीरानगर सेक्टर पर वह गुरनाम और बोबिया अग्रिम चौकियों पर दो घंटे जवानों के साथ रहे और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इसके पश्चात उन्होंने लोकभवन में एक उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने पहाड़ों में छिपे आतंकियों का खत्म करने के लिए ऑपरेशन में तेजी लाने के निर्देश दिए।

गृह मंत्री ने इस बैठक में पिछले दिनों हुई बैठकों में बनी रणनीतियों को कारगर तरीके से क्रियान्वित करने पर मंथन किया। केंद्रीय गृह मंत्री ने रणनीति के तहत आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन तेज करने को कहा। उन्होंने विशेष रूप से जम्मू संभाग के पहाड़ी और दुर्गम इलाकों में सक्रिय आतंकियों के खात्मे और आतंकियों के सपोर्ट सिस्टम को समाप्त करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने सीमा सुरक्षा व कानून-व्यवस्था, आतंकवाद विरोधी अभियानों और घुसपैठ को रोकने के उपायों की समीक्षा भी की।

बैठक में उपराज्यपाल, जम्मू कश्मीर पुलिस, बीएसएफ, सीआरपीएफ और गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।। अफसरों द्वारा गृह मंत्री शाह को विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय, इंटेलिजेंस इनपुट के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

गृह मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि शांति और स्थिरता में बाधा बनने वाले तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। प्रदेश की स्थिति सामान्य बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि सेना, बीएसएफ, पुलिस, सीआरपीएफ और इंटेलिजेंस एजेंसयां आपसी समन्वय को मजबूत बनाकर इनपुट को साझा करें।

इस दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने सीमा सुरक्षा बल की ओर से सीमा पार घुसपैठ रोकने के लिए तैनात उपकरणों एवं गैजेट्स का निरीक्षण भी किया। उन्होंने बार्डर आउट पोस्ट से पाकिस्तानी चौकियों पर भी नजर डाली।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *