हिमाचल प्रदेश: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए आईजीएमसी के अटल सभागार में राज्य स्तरीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का श्रीगणेश किया। इस अभियान के तहत प्रदेश की 14 वर्ष की आयु की 65 हजार बालिकाओं को आगामी 90 दिनों में टीके लगाए जाएंगे। सुक्खू और स्वास्थ्य मंत्री की मौजूदगी में ताराहाल स्कूल की छात्रा को पहला टीका लगाया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अभिभावकों, पंचायत प्रतिनिधियों और स्वास्थ्य कर्मियों से इस कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि टीकाकरण के लिए अभिभावकों की सहमति प्राप्त करने के लिए एक जानकारी प्रपत्र तैयार किया जाए। बता दें कि नाॅर्थ ईस्ट के बाद हिमाचल प्रदेश सर्वाइकल कैंसर के मामलों में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने प्रदेश में कैंसर के बढ़ रहे मामलों पर चिंता जताई और कहा कि प्रदेश सरकार इस बीमारी पर विजय प्राप्त करने को लेकर विशेष घ्यान दे रही है।
यदि समय पर जांच और पहचान कर उपचार शुरू हो जाए तो कैंसर की बीमारी का उपचार असंभव नहीं है। प्रदेश रकार 300 करोड़ रुपये की कीमत से हमीरपुर में स्टेट ऑफ द आर्ट कैंसर अस्पताल बनाने जा रही है। आठ माह में आईजीएमसी सहित सभी मेडिकल कॉलेज विश्वस्तरीय टैक्नोलॉजी और उपकरणों से लैस हो जाएंगे। तीन साल में सभी जोनल अस्पतालों, आदर्श स्वास्थ्य संस्थानों, पीएचसी, सीएचसी में भी एम्स की तर्ज पर आधुनिक तकनीक से उपचार की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। सरकार हाई-एंड मशीनें और उपकरण लगाने के लिए 3000 करोड़ रुपये खर्च करने जा रही है। सीएम सुक्खू ने कहा कि सरकार हेल्थ टूरिज्म को विकसित करने पर भी विचार कर रही है।
शिक्षा क्षेत्र में आने वाले समय में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर से बेटियों को सुरक्षित करने के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया गया है। इस अभियान को नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा और ये टीके बच्चियों को निशुल्क लगाए जाएंगे। इस दौरान विधायक, सचिव स्वास्थ्य, स्वास्थ्य निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं, मुख्य चिकित्सा अधिकारी जिला शिमला आदि उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के पांचों मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी भी प्रारंभ की जा रही है। इसकी शुरुआत चमियाना और टांडा से की गई, जहां सौ फीसदी मरीज ठीक हुए हैं। आने वाले दस मार्च को आईजीएमसी में रोबोटिक सर्जरी की शुरुआत होने जा रही है।
