बिहार: भ्रष्टाचार के मामले में बिहार सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति को धरातल पर उतारते हुए पटना के डीएम ने कड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने कर्तव्य में लापरवाही बरतने और रिश्वतखोरी में लिप्त रहने के चलते एक राजस्व कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया है। मसौढ़ी अंचल कार्यालय में तैनात उक्त कर्मचारी पूर्व से ही निलंबित चल रहा था। जिलाधिकारी द्वारा की गई इस बड़ी कार्रवाई से प्रशासनिक विभाग में अफरा – तफरी मची है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूरा प्रकरण बीते वर्ष का है। गत वर्ष दिसंबर 2025 में निगरानी विभाग के धावा दल ने जाल बिछाकर एक कर्मचारी को मसौढ़ी प्रखंड कार्यालय परिसर से गिरफ्तार किया था। उस पर दाखिल-खारिज और परिमार्जन जैसे जरूरी कामों को जानबूझकर लटकाने और रिश्वत लेने के गंभीर आरोप लगे थे। कर्मचारी की गिरफ्तारी के बाद मसौढ़ी के अंचल अधिकारी ने उसके खिलाफ विस्तार से आरोप पत्र गठित कर जिला मुख्यालय अग्रिम कार्रवाई के लिए भेजा था।
इस कार्रवाई के संबंध में पटना के डीएम के अनुसार, बर्खास्त किए गए कर्मचारी के विरुद्ध विधिवत अनुशासनिक कार्यवाही की जा रही थी। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान आरोपी कर्मचारी को अपना पक्ष स्पष्ट करने का पर्याप्त अवसर दिया गया, लेकिन वह अपने बचाव में कोई भी संतोषजनक सबूत या जवाब प्रस्तुत नहीं कर पाया। जांच के उपरांत उस पर लगे सभी आरोप पूर्ण रूप से सत्य और प्रमाणित पाए गए और नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की गई।
डीएम ने बताया कि कर्मचारी का आचरण बिहार सेवा संहिता के नियमों के विपरीत था और उस पर लगे आरोप अत्यंत गंभीर प्रकृति के थे। ऐसी परिस्थिति में उसका सरकारी सेवा में बने रहना लोकहित के लिए उपयुक्त नहीं था। इसी आधार पर उसे बिहार सरकारी सेवक नियमावली, 2005 के तहत बर्खास्त कर दिया गया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामले में सरकार की नीति पूर्ण रूप से स्पष्ट है और पटना जिला प्रशासन भी जीरो टॉलरेंस की नीति का पालन कर रहा है। जनता के कार्यों में लापरवाही, शिथिलता या अनियमितता बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की बात करते आए हैं और डिप्टी सीएम विजय सिन्हा भी लगातार एक्शन में हैं। सरकार की पारदर्शिता और स्पष्ट नीति का ही परिणाम है कि सघन जांच के उपरांत भ्रष्टाचार में लिप्त पाए गए राजस्व कर्मचारी को डीएम ने बर्खास्त कर दिया।
