उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनता दर्शन कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान प्रदेश भर से आए फरियादियों से मुख्यमंत्री ने मुलाकात की और उनका प्रार्थना पत्र लिया। सीएम ने लोगों को आश्वस्त किया कि सरकार सभी की उचित समस्याओं के निस्तारण के लिए प्रतिबद्ध है। निश्चिंत होकर घर जाइए, आपकी समस्याओं का निस्तारण अवश्य किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने जनपदों के प्रशासनिक व पुलिस अफसरों को निर्देश दिया कि हर समस्या का निस्तारण समय सीमा के अंदर सुनिश्चित करें।
जनता दर्शन कार्यक्रम में अभिभावकों के साथ कुछ बच्चे भी आए थे। मुख्यमंत्री ने बच्चों को चॉकलेट दी और उनसे पढ़ाई के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान एक बच्चे से मुख्यमंत्री ने कहा कि खूब किताबें पढ़ो और सोशल मीडिया का प्रयोग उतना ही करो, जितना जरूरी है। सीएम ने बच्चों को मोबाइल आदि का प्रयोग भी कम करने की सलाह दी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के लोगों की समस्याओं को सुना और जल्द से जल्द उनके निराकरण के निर्देश दिए।
जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान दो उद्यमियों ने अपनी समस्याएं उनके सम्मुख रखीं। मुख्यमंत्री ने प्रार्थना पत्र को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों, विशेषकर उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण यानि यूपीसीडा व जिला प्रशासन को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में निवेश का बेहतरीन इकोसिस्टम तैयार किया गया है। सरकार ने सिंगल विंडो सिस्टम सहित कई पारदर्शी व्यवस्थाएं लागू की हैं। उद्यमियों की परेशानी को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निवेश और उद्योग विकास में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही स्वीकार्य नहीं है।
कासगंज से आए पीड़ित ने सीएम के समक्ष पुलिस से जुड़ी शिकायत रखते हुए अपने प्रकरण में कार्रवाई पर देरी की शिकायत की। इस पर सीएम योगी ने पुलिस अधीक्षक को मामले का संज्ञान लेते हुए समस्या के समयबद्ध निराकरण के लिए निर्देशित किया। कार्यक्रम में एक प्रकरण पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ भी आया। अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायत पर सीएम ने सख्ती से कहा कि ऐसे मामले बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। उन्होंने पीड़ित को आश्वस्त किया कि नियमानुसार तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
