नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में मंगलवार यानी आज से खाद्य और आतिथ्य क्षेत्र का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला आहार-2026 प्रारंभ हो रहा है। 10 से 14 मार्च तक चलने वाले इस पांच दिवसीय आयोजन का उद्घाटन केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री द्वारा किया जाएगा। खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री भी इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। मेले में खाने-पीने के उत्पाद, पैकेजिंग, फूड प्रोसेसिंग तकनीक, होटल उपकरण और कोल्ड-चेन जैसी आधुनिक तकनीकों की झलक एक ही स्थान पर दिखाई देगी।
बता दें कि आहार मेला फूड और हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री के लिए दुनिया के बड़े बिजनेस प्लेटफॉर्म में शुमार है। इस बार इसका 40वां संस्करण आईटीपीओ आयोजित कर रहा है जिसमें देश-विदेश की बड़ी – बड़ी कंपनियां, फूड प्रोड्यूसर, होटल तथा रेस्टोरेंट कारोबार से जुड़े लोग, एक्सपोर्टर, टेक्नोलॉजी कंपनियां और अंतरराष्ट्रीय खरीदार एक ही मंच पर एकत्रित होंगे। इस बार के मेले में 1,800 से ज्यादा प्रदर्शक भाग ले रहे हैं, जिनमें 155 विदेशी कंपनियां सम्मिलित हैं। इस आयोजन में कुल मिलाकर 17 देशों की भागीदारी होगी और करीब एक लाख से ज्यादा कारोबारी आगंतुकों के आने की संभावना है।
मेले में सिर्फ कारोबारी आगंतुकों को ही प्रवेश करने दिया जाएगा और इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य है। प्रदर्शनी सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक चलेगी। आगंतुकों के लिए प्रवेश गेट 3 और 4 तथा गेट 6 और 10 से होगा, जबकि माल ढुलाई के लिए गेट 1 और 5 को उपयोग में लाया जाएगा।
1.15 लाख वर्ग मीटर में फैले मेले में कई देशों के प्रदर्शनी मंडप लगाए जा रहे हैं तथा इस साल इटली को साझेदार देश बनाया गया है। चिली, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा और थाईलैंड भी अपने प्रदर्शनी मंडप लगा रहे हैं। साथ ही फ्रांस, जर्मनी, जापान, दक्षिण कोरिया, चीन, स्पेन, यूनाइटेड किंगडम, वियतनाम और बेल्जियम भी इस कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे हैं।
मेले में फूड प्रोडक्ट्स और बेवरेज, प्रोसेस्ड फूड, ऑर्गेनिक फूड, मसाले, डेयरी उत्पाद, कृषि उत्पादों आदि का प्रदर्शन किया जाएगा। इससे कारोबारियों को नई तकनीक और उत्पादों की जानकारी मिल सकेगी और साथ ही व्यापारिक साझेदारी के अवसर भी प्राप्त होंगे। आईटीपीओ के अध्यक्ष के अनुसार भारत का फूड और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर तेजी से बढ़ रहा है।
इस बार मेले में एपीडा मंडप, खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय मंडप, विदेशी भागीदारी मंडप, आईसीएमए मंडप और एफआईएफआई मंडप भी होंगे। इनके अलावा हॉस्पिटैलिटी चैलेंज और कुलिनरी आर्ट इंडिया-2026 जैसे कार्यक्रम भी होंगे, जहां शेफ और होटल उद्योग से जुड़े विशेषज्ञ अपनी कला का प्रदर्शन कर सकेंगे। मेले के लिए आहार-2026 मोबाइल एप प्रारंभ किया गया है जिसके माध्यम से आगंतुकों को मेले से जुड़ी हर एक जानकारी प्राप्त हो जाएगी।
