बिहार: बिहार को एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित खेल आयोजन की मेजबानी का गौरव प्राप्त हुआ है। ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज स्पोर्ट्स मीट 2025–26 का आयोजन 13 से 15 दिसंबर तक राजधानी पटना के कंकड़बाग स्थित पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया जा रहा है। तीन दिवसीय इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर से आए सिविल सेवक अपनी खेल प्रतिभा और प्रतिस्पर्धात्मक कौशल का प्रदर्शन करेंगे। शनिवार सुबह मुख्य सचिव प्रत्यय अमित ने इस महाकुंभ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्य सचिव ने कहा कि इस प्रतियोगिता में कई अफसर भाग ले रहे हैं। व्यस्त होने के बावजूद इन लोगों ने खेल के प्रति अपने जुनून को जिंदा रखा है। मैं इन सभी को राज्य के ब्रांड एम्बेसडर के रूप में देखता हूं। इस आयोजन से बिहार में खेल और खिलाड़ियों के लिए नया अध्याय लिखा जा रहा है।

बिहार सरकार के खेल विभाग ने कहा कि सरकार के प्रयासों से राज्य में खेल संरचना को मजबूती मिली है। खेल अकादमियों के विस्तार, प्रतिभा खोज कार्यक्रमों और प्रोत्साहन योजनाओं के चलते बिहार के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। इस तरह के आयोजन राष्ट्रीय आयोजन न केवल राज्य की खेल संस्कृति को नई दिशा देते हैं, बल्कि खेल पर्यटन को भी बढ़ावा देने में सहायक साबित हो रहे हैं। इस आयोजन की संचालन समिति के ऑर्गनाइजिंग सेक्रेटरी कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार के प्रणव कुमार हैं, जबकि सचिव सह नोडल अधिकारी (एथलेटिक्स) की जिम्मेदारी बिहार राज्य सड़क विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक निभा रहे हैं। बिहार सरकार ने सभी प्रतिभागियों, अधिकारियों और राज्य प्रतिनिधिमंडलों का स्वागत करते हुए आशा जताई है कि यह राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता खेल भावना, आपसी सौहार्द और एकता को और अधिक सशक्त करेगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *