छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ में नवा रायपुर को देश के प्रमुख हेल्थकेयर सेंटर के रूप में विकसित करने की दिशा में सरकार ने एक बड़ी सफलता प्राप्त की है। नवा रायपुर में बॉम्बे हॉस्पिटल एंड मेडिकल रिसर्च सेंटर के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के लिए जमीन आवंटन और लीज की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। छत्तीसगढ़ की राजधानी से सटे नवा रायपुर को देश के प्रमुख हेल्थकेयर सेंटर के रूप में विकसित करना सरकार की एक बड़ी सफलता कहा जा सकता है।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में मंत्रालय महानदी भवन में नवा रायपुर विकास प्राधिकरण और बॉम्बे हॉस्पिटल ट्रस्ट के बीच 15 एकड़ भूमि का लीज एग्रीमेंट हुआ। इस ज़मीन पर करीब 685 करोड़ रुपए की लागत से 300 बिस्तरों वाला एक अत्याधुनिक अस्पताल बनाया जाना प्रस्तावित है। राज्य सरकार ने इस योजना हेतु सितंबर 2025 में निवेश आमंत्रित किया था जिसके महज चार महीने के अंदर जमीन का चुनाव, स्वीकृति और रजिस्ट्री जैसी सभी औपचारिकताएं पूरी हो गईं।
नवा रायपुर में बनने वाले इस अस्पताल में कैंसर, कार्डियोलॉजी, ऑर्गन ट्रांसप्लांट न्यूरोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स एवं क्रिटिकल केयर जैसी उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। ऐसा माना जा रहा है कि इस अस्पताल में सेवाएं प्रारंभ हो जाने के पश्चात प्रदेश के मरीजों की इलाज के लिए महानगरों का रुख करने की मजबूरी समाप्त हो जाएगी। इस परियोजना से 500 से ज्यादा लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार उपलब्ध होने की संभावना है। डॉक्टर, नर्स, तकनीशियन और पैरामेडिकल स्टाफ के अलावा सहयोगी सेवाओं में भी बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बॉम्बे हॉस्पिटल की स्थापना से नवा रायपुर को सेंट्रल इंडिया के हेल्थकेयर हब के रूप में पहचान मिलेगी। यह परियोजना बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार के द्वार भी खोलेगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश को प्रोत्साहित कर रही है और बॉम्बे हॉस्पिटल जैसे प्रतिष्ठित संस्थान का यहां आना राज्य की नीतियों पर बढ़ते जनविश्वास का ही एक प्रतिबिंब है।
यह परियोजना छत्तीसगढ़ औद्योगिक विकास नीति 2024–30 के अंतर्गत स्वास्थ्य क्षेत्र को दिए जा रहे विशेष प्रोत्साहनों का अहम परिणाम मानी जा रही है। इससे नवा रायपुर को भविष्य में एक प्रमुख मेडिकल डेस्टिनेशन के रूप में उभरने में सहायता प्राप्त होगी। इस अवसर पर शासन, उद्योग विभाग, नवा रायपुर विकास प्राधिकरण और बॉम्बे हॉस्पिटल ट्रस्ट के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।
