उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश में मंगलवार को योगी सरकार की कैबिनेट बैठक प्रस्तावित है। इस बैठक में अहम फैसले होने की संभावना है जिनमें कई बड़े फैसले निवेश के क्षेत्र में आ सकते हैं।
सीएम योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में होने वाली इस कैबिनेट बैठक में कुल 27 प्रस्ताव रखे जाएंगे। राज्य सरकार भ्रष्टाचार पर लगाम कसने के लिए और सख्त कदम उठाने जा रही है। राज्य कर्मचारियों के लिए एक कैलेंडर वर्ष में छह महीने के मूल वेतन से अधिक शेयर, राशि स्टाक या अन्य निवेश में लगाने पर इसकी जानकारी देना अनिवार्य किया जा रहा है। इसके लिए सरकारी कर्मचारियों की आचरण नियमावली, 1956 में संशोधन किया जा रहा है जबकि वर्तमान नियमावली में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है।
कार्मिक विभाग के इस प्रस्ताव के मुताबिक कोई भी सरकारी कर्मचारी दो माह के मूल वेतन से ज्यादा मूल्य की चल संपत्ति से जुड़ा कोई लेन-देन करता है तो उसे इसकी सूचना संबंधित प्राधिकारी को तुरंत देनी होगी। पूर्व में एक महीने के मूल वेतन से ज्यादा की चल संपत्ति का विवरण देना होता था।
प्रत्येक वर्ष अपनी अचल संपत्ति का विवरण देना अनिवार्य किया गया है। कर्मचारियों को प्रथम नियुक्ति के समय और उसके बाद हर साल अपनी अचल संपत्तियों की घोषणा करनी होगी। अभी यह घोषणा प्रत्येक पांच साल में करने का प्रावधान है। भारतीय स्टांप अधिनियम के तहत दान की लिखत पर स्टांप शुल्क में संशोधन का भी प्रस्ताव है।
इस बैठक में कानपुर में ट्रांस गंगा सिटी को कानपुर शहर से जोड़ने के लिए गंगा नदी पर चार लाइन पुल बनने का प्रस्ताव भी पास हो सकता है। गृह, ऊर्जा, वित्त, परिवहन विभाग, आवास एवं शहरी नियोजन विभाग अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग, समाज कल्याण तथा रसद एवं खाद विभाग, संसदीय कार्य विभाग, दुग्ध विकास विभाग, हथकरघा उद्योग, उच्च शिक्षा विभाग, भू तत्व एवं खनकर्म विभाग, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के प्रस्ताव भी पास होने की संभावना जताई जा रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की हवाई यात्रा अब पहले से अधिक सुरक्षित और आधुनिक हो गई है। यूपी सरकार के विमान बेड़े में अत्याधुनिक अगस्ता वेस्टलैंड एडब्ल्यू139 हेलिकॉप्टर शामिल किया गया है जिससे सीएम अब उड़ान भरा करेंगे। पांच मार्च को वह कानपुर इसी हेलीकॉप्टर से गए थे। इटली की कंपनी लियोनार्डो का ये हेलिकॉप्टर वीवीआईपी यात्रा के लिए दुनिया के बेहतरीन हेलिकॉप्टरों में शुमार है जिसमें एक बार में 12 से 15 यात्रियों को लेकर उड़ान भरी जा सकती है। हेलिकॉप्टर अधिकतम रफ्तार लगभग 310 किलोमीटर प्रति घंटा है और इसकी खासियत है कि ये हेलिकॉप्टर खराब मौसम और रात के समय भी सुरक्षित उड़ान भरने में सक्षम है, जिससे आपात परिस्थितियों में भी इसका उपयोग बखूबी किया जा सकता है।
डबल इंजन के इस हेलिकॉप्टर में क्रैश सेफ्टी सिस्टम, डिजिटल ग्लास कॉकपिट और साउंडप्रूफ केबिन जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं। यदि किसी कारणवश इसके एक इंजन में समस्या आ जाए तो दूसरा इंजन हेलिकॉप्टर को सुरक्षित उड़ाने में सक्षम है। इसकी कीमत करीब एक अरब रुपए है और इस हेलिकॉप्टर को उड़ाने के लिए दो पायलटों की आवश्यकता होती है। विदित हो कि इसके तकनीकी संचालन को समझने के लिए राज्य सरकार ने बीते वर्ष अपने तीन पायलटों को इटली भेजकर विशेष प्रशिक्षण प्राप्त करवाया था।
