नई दिल्ली: पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदल गया है। शनिवार देर रात हुई बारिश और हवाओं के चलने से राजधानी और आसपास के इलाकों में ठंडक बढ़ गई है। लोगों को ठिठुरन का एहसास हो रहा है। रविवार की सुबह भी रुक रुककर बारिश होने से लोगों को तेज सर्दी महसूस हो रही है। मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए पूर्वानुमान के अनुसार, अभी कुछ दिनों तक मौसम में उतार – चढ़ाव जारी रह सकता है।

मौसम विभाग ने रविवार के लिए बारिश का यलो अलर्ट और तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। शनिवार देर रात दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में गरज के साथ बारिश देखने को मिली है। बारिश की वजह से कई इलाकों में जलभराव की समस्या भी पैदा हुई जिससे रात के समय वाहन चालकों को सड़क पर परेशानी से दो – चार होना पड़ा।

मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले सप्ताह दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में तीन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने की संभावना है। इन विक्षोभों से न केवल मैदानी इलाकों में बारिश दिखाई देगी, बल्कि हिमालयी राज्यों में बर्फबारी की भी उम्मीद है। पहले दो पश्चिमी विक्षोभ 3 फरवरी तक असरकारक रहेंगे, जबकि तीसरा विक्षोभ 5 फरवरी से अपना प्रभाव दिखाएगा।

मौसम विभाग ने पूर्व में ही अनुमान जाता दिया था कि दिल्ली और एनसीआर में 1 से 7 फरवरी के बीच 3 पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेंगे।इनकी सक्रियता के चलते हिमालयी राज्यों में बर्फबारी और उत्तर-पश्चिम के इलाकों में बारिश हो सकती है।

इसके अलावा, मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कुछ फेरबदल भी  किया है। जहां विभाग ने पहले तीन दिन बारिश की संभावना व्यक्त की थी, वहीं अब सिर्फ अब रविवार तक ही बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा बीते सालों में जनवरी 2026 अधिक ठंडा रहा। इसमें औसतन अधिकतम तापमान 20 डिग्री के आसपास और न्यूनतम तापमान साढ़े छह डिग्री के करीब दर्ज किया गया, जोकि बीते वर्ष की अपेक्षा कुछ कम रहा।

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, 01 फरवरी को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। इसके बाद राजधानी में 5 और 6 फरवरी को न्यूनतम तापमान 8  डिग्री सेल्सियस के नजदीक रिकॉर्ड हो सकता है। दिल्ली में 10 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से सर्द हवाएं चलने की भी संभावना बनी हुई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *