झारखंड: झारखंड में 48 नगर निकायों के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी गई है। घोषणा के अनुसार 23 फरवरी को मतदान होगा और 27 फरवरी को मतगणना की जाएगी। नामांकन प्रक्रिया के लिए 29 जनवरी से 4 फरवरी तक का समय निर्धारित किया गया है।
झारखंड में काफी ज्यादा समय से लंबित चल रहे नगर निकाय चुनाव को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को राज्य के 48 नगर निकायों में चुनाव कराने को लेकर औपचारिक घोषणा की। इसके तहत 23 फरवरी को मतदान होगा और 27 फरवरी को मतगणना के पश्चात् परिणाम घोषित किए जाएंगे।
राज्य चुनाव आयुक्त ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए चुनाव कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ट्रिपल टेस्ट की प्रक्रिया पूरी होने के उपरांत यह पहली बार है जब राज्य में नगर निकाय चुनाव कराए जा रहे हैं, जिससे इस चुनाव महत्व और अधिक बढ़ जाता है।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, मतदान का समय सुबह 7 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक रहेगा। नामांकन प्रक्रिया 29 जनवरी से 4 फरवरी तक चलेगी। नामांकन पत्रों की जांच 5 फरवरी को होगी और नामांकन वापसी के लिए 6 फरवरी अंतिम तिथि निश्चित की गई है। सभी प्रत्याशियों को 7 फरवरी को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए जाएंगे।
राज्य के कुल 48 नगर निकाय में चुनाव होने हैं, जिनमें 9 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायत सम्मिलित हैं। बता दें कि वर्ष 2020 के बाद से इन निकायों में चुनाव नहीं हो पाए थे। पहले कोविड 19 महामारी और बाद में ओबीसी आरक्षण तथा ट्रिपल टेस्ट से जुड़े कानूनी पेचों के चलते नगर निकाय चुनाव लगातार टलते रहे। अंततः हाईकोर्ट के हस्तक्षेप और समय सीमा तय होने के बाद चुनाव का रास्ता साफ हो पाया।
चुनावों की घोषणा होने के साथ ही राज्य में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई है। भाजपा, कांग्रेस और झामुमो सहित सभी अन्य प्रमुख राजनीतिक दल चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं। 23 फरवरी को मतदाता अपने मत का प्रयोग कर जनप्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे और स्थानीय विकास कार्यों के प्रगति के पथ पर अग्रसर होने की उम्मीद को पंख लग जाएंगे।
