उत्तराखंड: उत्तराखंड में औली के स्कीइंग स्लोप में खेलों का रोमांच शुक्रवार से प्रारंभ हो रहा है। खेलों में हिस्सा लेने के लिए विभिन्न टीमें औली पहुंच गई हैं। आयोजकों की तरफ से भी स्लोप को पूरी तरह से तैयार कर दिया गया है।
औली में शुक्रवार से राष्ट्रीय शीतकालीन चैंपियनशिप प्रारंभ हो रही है। देश के विभिन्न राज्यों, सेना, आईटीबीपी व सीआरपीएफ की टीमें स्कीइंग खेलों में अपनी हिस्सेदारी निभाने के लिए औली पहुंच गई हैं। बीते दिन टीमों ने पंजीकरण के पश्चात अलग से तैयार किए गए स्लोप पर अभ्यास किया।
जिन दो स्लोप पर स्कीइंग की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, उन दोनों शिल्पों का बृहस्पतिवार को आयोजकों ने निरीक्षण किया। जहां बर्फ कम नजर आ रही थी वहां दूसरी जगह की बर्फ लाकर उसे भरा गया। मुख्य स्लोप में बर्फ कम होने के कारण इस बार आठ नंबर टावर से प्रतियोगिता कराई जा रही है। औली में स्कीइंग स्लोप को अंतिम रूप दे दिया गया है जिसपर खिलाड़ी इसमें अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
राष्ट्रीय शीतकालीन चैंपियनशिप में प्रतिभाग करने के लिए देश के विभिन्न राज्यों से औली पहुंचे खिलाड़ियों ने स्लोप की सराहना की। उन्होंने कहा कि वे अपना सर्वोच्च प्रदर्शन करने के लिए पूरी मेहनत करेंगे और मेडल लाने की कोशिश करेंगे। औली की ढलानों में खेलना बेहद रोमांचकारी होगा। सबने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए उत्सुकता जताई। औली चारों ओर से बर्फ की चोटियों और जंगल से घिरा हुआ खूबसूरत स्थल है और इसे और ज्यादा विकसित करने पर ध्यान दिया जाना चाहिए।
खेलों के लिए विंटर गेम्स एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अधिकारियों ने औली में स्लोप सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इसमें सुरक्षा, तकनीकी मानकों, खिलाड़ियों की सुविधा आदि की व्यवस्थाओं की गहनता से जांच की गई।
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, हरियाणा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, उड़ीसा, गुजरात, सेना, आईटीबीपी, सीआरपीएफ आदि की टीमें पहुंच चुकी हैं। 16 फरवरी को इस प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण और समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। औली में राष्ट्रीय शीतकालीन प्रतियोगिताओं के साथ – साथ विंटर कार्निवल का भी आयोजन किया जाएगा।
