उत्तराखंड: राज्य सरकार ने नई ड्रैगन फ्रूट नीति 2025 लागू की है, इसके तहत किसान ड्रैगन फ्रूट बगान लगाने पर प्रति एकड़ आठ लाख की लागत पर 80 प्रतिशत तक सब्सिडी पा सकते हैं। असिंचित भूमि में भी इसके बागान लगाए जा सकते हैं और इसकी खास बात यह है कि इसे जंगली जानवर भी किसी तरह का कोई नुकसान नहीं पहुंचाते।
ड्रैगन फ्रूट पोषक तत्वों से भरपूर होता है जिसके सेवन से इम्यूनिटी बढ़ाती है, पाचन में सुधार होता है, हृदय स्वस्थ रहता है, त्वचा और बालों को पोषण मिलता है और इसमें एंटीऑक्सीडेंट्स भी पाए जाते हैं। ड्रैगन फ्रूट वजन घटाने, ब्लड शुगर कंट्रोल करने और एनीमिया को दूर करने में मदद करता है, जिससे शरीर को ऊर्जावान और मजबूत बनता है।
राज्य सरकार ने ड्रैगन फ्रूट की खेती को बढ़ावा देने के लिए नई ड्रैगन फ्रूट नीति 2025 लागू की है। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में खासकर लोग इसके बागान लगा रहे हैं।विभागीय अधिकारियों के अनुसार, नई ड्रैगन फ्रूट खेती योजना 2025 से 2028 तक के लिए लागू की गई है। ऊधम सिंह नगर, हरिद्वार, नैनीताल, बागेश्वर, पौड़ी, देहरादून और टिहरी जिले इस योजना के लिए पात्र होंगे। इसके उद्यान स्थापित करने के लिए आठ लाख की लागत पर छह लाख 40 हजार की सब्सिडी मिल रही है।
विभाग का लक्ष्य योजना के तहत 228 एकड़ में ड्रैगन फ्रूट की खेती का विस्तार करना और इसका लाभ लगभग 450 किसानों तक पहुंचाना है। इसका योजना का उद्देश्य किसानों को नकदी फसलों की ओर आकर्षित कर उनके आय के श्रोत बढ़ाना है। योजना के लिए कम से कम पांच नाली भूमि होनी आवश्यक है।
