हिमाचल प्रदेश: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में हर साल बढ़ती गाड़ियों की संख्या से यातायात व्यवस्था चरमरा रही है। इसे सुधारने के लिए अब एशियन डेवलपमेंट बैंक मदद करेगा। शहर में यातायात जाम की वजह से वाहनों की रफ्तार न रुके, इसके लिए फ्लाईओवर, नई वैकल्पिक सड़कें और टनल बनाने की तैयारी की जा रही है। इस योजना के लिए ड्रोन से सर्वे कर पीक आवर्स के दौरान जाम लगने वाले स्थानों को चेक किया जाएगा। सेब सीजन के दौरान ट्रकों की आवाजाही भी सुचारू करने के लिए भी प्लान बनाया जाएगा। पर्यटन सीजन के दौरान वाहनों की संख्या बढ़ जाने के फलस्वरूप भी यह योजना तैयार की जा रही है।

राजधानी में सर्कुलर रोड सहित मुख्य मार्गों पर कहां और क्या नया काम किया जाएगा, इसकी योजना तैयार करने की कवायद शुरू हो चुकी है। एडीबी वित्तीय मदद देने के साथ कंसलटेंट के जरिये विस्तृत योजना तैयार करने में भी सहायता प्रदान करेगा। हिमाचल के दो शहरों शिमला और बद्दी को एडीबी के इस प्रोजेक्ट के लिए चुना गया है। शिमला शहर की योजना तैयार करने और इसके कार्यान्वयन का जिम्मा एडीसी की अगुवाई वाली कमेटी करेगी। कमेटी में कई सरकारी विभागों को भी शामिल किया गया है। इस कमेटी की एक बैठक संपन्न हो चुकी है।

कमेटी की होने वाली आगामी बैठक में इस योजना का खाका तैयार किया जाएगा। सबसे पहले शहर के उन चौराहों को चिह्नित किया जाएगा जहां सबसे ज्यादा समस्या है और यातायात जाम लग रहा है। शहर में पुल, फ्लाईओवर और टनल बनाने,  वैकल्पिक सड़कें तैयार करने पर विस्तृत योजना तैयार की जाएगी। इसके सर्वे करने के पश्चात रिपोर्ट तैयार की जाएगी। रिपोर्ट के बाद कंसलटेंट फिजिबिलिटी देखने के साथ डीपीआर तैयार करेगा। राजधानी शिमला में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए विस्तृत योजना तैयार की जा रही है और इस दिशा में कार्य शुरू हो गया है।

शिमला में यह पहला ऐसा प्रोजेक्ट है,  जो सिर्फ सिटी ट्रांसपोर्टेशन को बेहतर बनाने पर केंद्रित रहेगा। इसके पहले चरण में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत सर्कुलर रोड को चौड़ा करने, फ्लाईओवर बनाने जैसे कार्य किए जा रहे हैं। अब इससे व्यापक स्तर पर काम करने की तैयारी की जा रही है।

राजधानी शिमला में सिटी ट्रांसपोर्टेशन को सुधारने के लिए हिमाचल रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कार्पोरेशन ने भी व्यापक स्तर पर सर्वेक्षण किया है। इसके तहत फ्लाईओवर बनाने, टनल निर्माण, शिमला चंडीगढ़ एनएच पर दोनों क्रॉसिंग के पास फ्लाईओवर बनाने जैसे प्रोजेक्ट से यातायात व्यवस्था बेहतर की जा सकती है। हालांकि, बजट की कमी की वजह से यह अभी धरातल पर नहीं उतर पाए हैं। अब एडीबी की मदद से इन्हें जल्द धरातल पर उतारने की उम्मीद जागी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *