नई दिल्ली: मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 30 जनवरी की रात एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना बन रही है , जिसके चलते उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत में फिर से वर्षा, बर्फबारी, शीत लहर, तेज हवाओं के साथ घने कोहरे का असर दिखाई देगा।

दिल्ली-एनसीआर में आने वाले वीकेंड पर बारिश के आसार नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग की ओर से बारिश और तेज हवाएं चलने का यलो अलर्ट जारी किया है। हिमालय क्षेत्र में बन रहे एक और पश्चिमी विक्षोभ के चलते अगले तीन दिनों तक बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। राजधानी दिल्ली में पिछले दो दिनों से बादल छाए हैं जिससे जल्द ही फिर से बारिश की संभावना बन रही है। मौसम विभाग के अनुसार, एक नया पश्चिमी विक्षोभ 31 जनवरी से 2 फरवरी के बीच पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में अपना असर दिखाएगा। इससे अगले तीन दिन तक दिल्ली-एनसीआर में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की उम्मीद है।

राजधानी में वीरवार सुबह की शुरुआत धुंध और कोहरे के साथ हुई जिसका असर दृश्यता पर भी रहा। तीव्र बर्फीली हवाओं ने लोगों की परेशानी और दिल्ली में ठिठुरन बढ़ा दी। दिन में थोड़ी देर के लिए सूर्यदेव के दर्शन जरूर हुए लेकिन इससे भी ज्यादा राहत नहीं मिल सकी और लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ा। शाम को एक बार फिर से चली तेज ठंडी हवाओं ने ठंडक को और बढ़ा दिया।

मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी कर दिया है। दोनों ही दिन गरज के साथ वर्षा होने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने अगले सप्ताह के पहले दिन भी बूंदाबांदी की आशंका जताई है। मंगलवार और बुधवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश होने की संभावना बहुत कम है। तापमान में भी किसी खास बदलाव की संभावना नहीं है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 30 जनवरी से इस नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत में भी बारिश, बर्फबारी, तेज हवाएं, शीतलहर और घने कोहरे का असर दिखाई देगा।पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में भारी बारिश और बर्फबारी की आशंका है, जबकि दिल्ली-एनसीआर सहित पंजाब, हरियाणा और मैदानी इलाकों में ठंड और शीतलहर के प्रकोप में इजाफा हो सकता है। दक्षिण भारत के समुद्री इलाकों में भी तूफानी हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

आने वाले दिनों में उत्तर और पूर्व भारत के कई हिस्सों में घना कोहरा छाने की संभावना है। उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में दृश्यता काफी कम रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कोहरे के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित रहने की आशंका व्यक्त की है। वाहन चालकों को धीमी गति और फॉग लाइट का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *