राष्ट्रीय जांच एजेंसी, एनआईए ने पिछले महीने दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले के पास हुए बम धमाके के मामले में एक और प्रमुख आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में यह नौवीं गिरफ्तारी है ।गिरफ्तार किया गया आरोपी यासिर अहमद डार, जम्मू-कश्मीर के शोपियां का रहने वाला है। प्राप्त जानकारी के अनुसार , गिरफ्तार आरोपी दिल्ली ब्लास्ट के मुख्य आरोपी के साथ संपर्क में था। दिल्ली के लाल किले के पास हुए धमाकों में 11 लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हो गए थे।
एनआई की ओर से जारी किए गए बयान के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि 10 नवंबर को राजधानी में हुए कार बम धमाके की साजिश में यासिर की सक्रिय भूमिका थी। साजिश में सक्रिय भागीदार होने के नाते, उसने निष्ठा की शपथ ली थी और फिदायीन हमले के लिए प्रतिबद्ध होने का वचन दिया था।
आतंकवाद रोधी एजेंसी को यह भी पता चला है कि यासिर इस मामले में अन्य आरोपियों के साथ घनिष्ठ संपर्क में था। केंद्रीय और राज्य एजेंसियों के साथ मिलकर काम करते हुए, एनआईए आतंकी हमले के पीछे की पूरी साजिश का पर्दाफाश करने के लिए पूरी तत्परता से मामले की पड़ताल कर रही है।
