नई दिल्ली: भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को आधिकारिक तौर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार ग्रहण कर लिया। 14 दिसंबर 2025 को नितिन नवीन को भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। सोमवार को चुनाव प्रक्रिया की औपचारिकता पूर्ण होने के पश्चात् भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नवीन के नाम पर आधिकारिक रूप से मुहर लग गई थी। किसी और उम्मीदवार का नामांकन न आने की वजह से नितिन नवीन का निर्विरोध चुना जाना पहले ही तय हो गया था।
मंगलवार को नव निर्वाचित अध्यक्ष ने दिल्ली स्थित झंडेवालान मंदिर, वाल्मीकि मंदिर, प्राचीन हनुमान मंदिर और गुरुद्वारा बंगला साहिब में पहुंच कर माथा टेका। 45 साल की उम्र में नितिन नवीन को भाजपा का अब तक का सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने का गौरव हासिल हुआ है। उनसे पहले अमित शाह 49 वर्ष की उम्र में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे।
भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में ताजपोशी हो जाने के बाद, बिहार से आने वाले नितिन नवीन अब दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी की बागडोर संभालेंगे। नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की मौजूदगी में पदभार ग्रहण किया। नितिन नवीन की ताजपोशी के समय उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई बड़े नेता भी मौजूद रहे जिनमें दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, बांसुरी स्वाराज जैसे नेता सम्मिलित थे। भाजपा मुख्यालय में आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी के नए अध्यक्ष नितिन नवीन को नया बॉस बताया। पीएम मोदी ने इस अवसर पर संगठन के दायित्वों पर चर्चा के करने के साथ नितिन नवीन के युवा नेतृत्व पर भी भरोसा जताया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार संभालने के पश्चात् नितिन नवीन ने पार्टी आलाकमान का आभार जताया। पदभार ग्रहण करने का समारोह संपन्न होने के उपरांत पीएम मोदी स्वयं नितिन नवीन को पार्टी अध्यक्ष के कार्यालय तक लेकर गए। नव निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष को कुर्सी पर बिठाने के साथ ही पीएम मोदी ने उनका का मुंह मीठा भी करवाया।
