उत्तर प्रदेश: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बेटियों में अब पहले से ज्यादा  आत्मविश्वास है क्योंकि उन्हें सुरक्षा दी जा रही है। बेटियां किसी पर निर्भर नहीं रहेंगी और जन्म के बाद से ही उनका नाम रजिस्टर होते ही उनके अकाउंट में पैसे आ जाएंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित रोजगार महाकुंभ 2026 को संबोधित करते हुए कहा कि बेटियों में आज आत्मविश्वास है। बेटियों को समान अवसर मिलने चाहिए और इसके लिए आवश्यक है कि उन्हें सुरक्षा भी मिले। प्रदेश में अब कानून का राज है और बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों को धरती पर जगह नहीं मिलेगी। अगर किसी शोहदे ने बेटियों से अभद्रता की तो चौराहे पर यमराज के दूत उसका टिकट काटने के लिए तैयार बैठे हैं। सीएम योगी ने कहा कि कन्या सुमंगला योजना से प्रदेश की करीब 27 लाख बेटियां लाभांवित हो रही हैं। अब बेटियां किसी पर बोझ नहीं हैं बल्कि बेटी पैदा होती है और उसका नाम रजिस्टर में चढ़ता है तो उसके अकाउंट में पैसे आ जाते हैं। आने वाले समय में बेटियां किसी पर अब निर्भर नहीं रहेंगी।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को राजधानी में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में नारी शक्ति को सम्मानित किया। महिला सशक्तीकरण के लिए राज्य सरकार ने न केवल इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में आधी आबादी का सम्मान किया गया, बल्कि उन्हें रोजगार के नए अवसर भी प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थी महिलाओं को चेक, नियुक्ति पत्र व आयुष्मान कार्ड प्रदान किए। इस अवसर पर सीएम ने आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों के लिए 38 करोड़ से अधिक रुपए की धनराशि का डीबीटी अंतरण भी किया।

इस मौके पर उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विभिन्न योजनाओं की लाभार्थी महिलाओं से संवाद भी किया। कहा कि प्रदेश में बेटियों को विकास के समान अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। 2017 तक उत्तर प्रदेश पुलिस में महिला कर्मियों की संख्या करीब 10 हजार थी जो कि अब 44 हजार से अधिक हो गई हैं। उन्होंने कहा कि आज बेटियों में आत्मविश्वास बढ़ा है। उन्होंने अभिभावकों से बेटियों को शिक्षित करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर रोजगार संगम पोर्टल के मोबाइल ऐप का शुभारंभ भी किया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *