उत्तराखंड : समूचे उत्तराखंड में अपराधियों के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार चलाया जाएगा और इसके लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी  गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने राजधानी देहरादून में हाल ही में हुई आपराधिक घटनाओं पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कड़ा रुख अख्तियार किया है। पुलिस मुख्यालय में लॉ एंड ऑर्डर को लेकर हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में उन्होंने पूरे प्रदेशमें अपराधियों के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार चलाने के निर्देश दिए।

इस बैठक में सीएम ने आला अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के आदेश दिए। इससे पहले उनके निर्देश पर देहरादून में बीते रोज हुई पूर्व ब्रिगेडियर की हत्या के मामले में कुठाल गेट चौकी प्रभारी और उप आबकारी निरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

सीएम ने पुलिस महानिदेशक को निर्देश दिए कि आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने निर्धारित समय के बाद संचालित हो रहे पब्स और बार पर भी सख्ती बरतने के निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि किसी भी कीमत पर कानून व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा। प्रदेशभर में तत्काल प्रभाव से व्यापक चेकिंग अभियान चलाया जाए और सभी अवांछित और हुड़दंग करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए। रोड़ रेज, फायरिंग और देर रात की अवैध गतिविधियों पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाया जाए। इसके पश्चात डीजीपी ने पुलिस अफसरों को मुख्यमंत्री के निर्देशों पर तत्काल अमल करने के आदेश जारी किए और कहा कि लापरवाही बरतने वालों को भी बख्शा नहीं जाएगा।

मुख्यमंत्री ने पुलिस प्रशासन को पूरी सख्ती व मुस्तैदी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के प्रति लापरवाही बरतने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को किसी भी सूरत में माफ नहीं किया जाएगा। राजधानी देहरादून में गोली कांड से ब्रिगेडियर की हुई असमय और दुखद मौत के पश्चात अधिकारियों के निलंबन को इसी सख्ती का उदाहरण बताते हुए उन्होंने कहा कि आगे भी ऐसी कार्रवाई की जाती रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता आम जनता की सुरक्षा है और इसके लिए हर संभव कदम उठाया जाएगा

सीएम ने आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप को राजधानी देहरादून की कानून-व्यवस्था की दैनिक मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोभाल को अधीनस्थ अधिकारियों की स्पष्ट टास्किंग कर उनकी जवाबदेही सुनिश्चित करने को कहा गया, साथ ही पूरे इलाके में प्रभावी पुलिसिंग बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने आईजी एसटीएफ नीलेश आनन्द भरणे और एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह को देहरादून में सक्रिय आपराधिक तत्वों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

सीएम ने सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारियों को फील्ड में सक्रिय रहकर चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में पुलिस की उपस्थिति बढ़ाने और बैरियर्स पर गहन चेकिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से प्रातःकालीन समय में क्षेत्राधिकारी पुलिसबल की उपस्थिति और सक्रियता बढ़ाने पर जोर दें।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा सत्यापन अभियान के अंतर्गत पीजी एवं किरायेदारों का सघन सत्यापन कराने तथा होम-स्टे में संचालित की जा रही गतिविधियों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के लिए भी निर्देशित किया गया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *