हरियाणा: हरियाणा की साइबर सिटी गुरुग्राम में चार निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने के उपरांत स्कूल प्रबंधन, पुलिस विभाग और जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस प्रशासन ने एहतियात के तौर पर स्कूलों में सर्च अभियान शुरू कर सर्वप्रथम बच्चों को सुरक्षित स्कूल परिसर बाहर निकालने का कार्य किया।

बता दें कि गुरुग्राम में पाथवे वर्ल्ड स्कूल, कुंसकपालन स्कूल, लैंसर्स स्कूल और हेरिटेज एक्सपीरिएंशियल लर्निंग स्कूल को यह धमकी भरा ईमेल भेजा गया है। स्कूलों को बम की धमकी वाला ईमेल मिलने के पश्चात सभी स्कूल में अफरातफरी का माहौल है।

स्कूल प्रबंधन के अनुसार बुधवार की सुबह उन्हें ईमेल के माध्यम से बम की धमकी दी गई। धमकी मिलते ही उन्होंने सर्वप्रथम पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी। इस धमकी का पता बच्चों के स्कूल आने वाले समय पर चला और उस समय तक स्कूली बसें बच्चों को लेकर स्कूल पहुंचनी शुरू हो चुकी थीं।

इस घटना की सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीमें तुरंत मौके पर पहुंची और सुरक्षा प्रोटोकॉल सक्रिय कर दिए। जांच में सहयोग और सहायता के लिए एसडीआरएफ की टीमों को भी घटनास्थल पर बुला लिया गया है और जांच कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। पुलिस चारों स्कूलों में तलाशी अभियान चला रही है। हालांकि अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है लेकिन प्रशासन स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए है। सुरक्षा कारणों के चलते छात्रों व स्कूल स्टाफ को स्कूलों से सकुशल बाहर निकाल दिया गया है।

स्कूलों को धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन ने सुरक्षा के मद्देनजर पेरेंट्स को अपने बच्चों को आज स्कूल न भेजने के मैसेज भी सर्कुलेट किए। लेकिन जो बच्चे स्कूल में आ चुके थे, एहतियातन उन्हें स्कूल से बाहर भेज दिया गया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *