हिमाचल प्रदेश: हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज चुनाव को लेकर 246 पंचायतों की मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण कार्य किया जाएगा।प्रदेश में 39 नई पंचायतों के गठन और 84 अन्य पंचायतों के बनाए जाने के प्रस्ताव को लेकर अनेक पंचायतों के वार्ड और राजस्व गांव एक पंचायत से दूसरी पंचायत में स्थानांतरित किए गए हैं, जिससे प्रकाशित मतदाता सूचियां प्रभावित हुई हैं। अब नई पंचायतों के अलावा उन पंचायतों की मतदाता सूचियां को भी दोबारा बनाया जाएगा, जिन पंचायतों को काटकर इन नई पंचायतों का गठन हुआ है।
राज्य निर्वाचन आयोग ने पूर्व में ही मतदाता सूची छपवा दी थी, लेकिन नई पंचायतों के गठन के पश्चात इन सूचियों में संशोधन जरूरी हो गया है। प्रभावित पंचायतों के लिए अनुपूरक सूची तैयार करने के बाद अब मतदाताओं का सही विवरण दर्ज किया जाएगा। प्रदेश सरकार के 123 नई पंचायतों के गठन के निर्णय के पश्चात कई पुरानी पंचायतों की सीमाओं में भी बदलाव हुआ है। इसके चलते कुछ पंचायतों के मतदाता दूसरी पंचायतों में शामिल हो गए हैं। ऐसी स्थिति में मतदाता सूची का पुनरीक्षण अनिवार्य हो गया है। संबंधित खंड विकास अधिकारियों और पंचायत सचिवों को मतदाता विवरण के सत्यापन के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज चुनाव 31 मई से पूर्व कराए जाने हैं। अदालत ने राज्य सरकार को समयबद्ध तरीके से चुनाव प्रक्रिया पूरी करने के लिए निर्देशित किया है। जिसके चलते राज्य निर्वाचन आयोग भी औपचारिकताएं पूरी करने में जुटा है। इसके तहत मतदाता सूची के संशोधन, आरक्षण रोस्टर जारी करने और मतदान केंद्रों के निर्धारण का काम किया जा रहा है। चुनाव तिथि की औपचारिक घोषणा से पहले सभी प्रक्रियाएं समय से पूरी कर लेने का लक्ष्य रखा गया है। प्रदेश में पंचायत चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां भी बढ़ गई हैं और पंचायत चुनाव के संभावित उम्मीदवारों ने अपनी तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं।
हिमाचल में नई पंचायतें बनाए जाने से मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण किया जाना है। पंचायतीराज विभाग से रिपोर्ट आने के बाद ही आयोग मतदाता सूचियों को अपडेट किया जाएगा और अनुपूरक वोटर लिस्ट तैयार की जाएगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री रेणुका जी से विधायक ने कहा है कि नई पंचायतों के गठन से विकास की गति को रफ्तार मिल सकेगी। उनके विधानसभा क्षेत्र में भी 3 नई पंचायतें बन जाएंगी। उन्होंने कहा है कि हरिपुरधार महल क्षेत्र के सांगना पंचायत से गाता मंडवाच नई पंचायत, रेणुका क्षेत्र से भाटगढ़ पंचायत से चाड़ना नई पंचायत, भवाई पंचायत से कुफर केंथु नई पंचायत के गठन की अधिसूचना प्रदेश सरकार द्वारा जारी कर दी गई है। इन क्षेत्रों के निवासी नई पंचायत के गठन की मांग बहुत पहले से कर रहे थे। नई पंचायतें बनने से लोगों को अपने कार्यों के निपटारे के लिए अब ज्यादा दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।
