असम: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय असम दौरे पर हैं। रविवार को उनके दौरे का दूसरा दिन है और आज उन्होंने असम के काजीरंगा में 35 किमी लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर का भूमि पूजन किया। पीएम मोदी ने दो अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को वर्चुअल हरी झंडी भी दिखाई।
प्रधानमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा उन्हें आज फिर से काजीरंगा आने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। ऐसे में मुझे अपनी पिछली यात्रा याद आना स्वाभाविक है और दो वर्ष पूर्व काजीरंगा में बिताए गए पल मेरे जीवन के कुछ खास अनुभवों में सम्मिलित हैं। उस समय मुझे काजीरंगा नेशनल पार्क में रात्रि विश्राम का मौका मिला था और अगले दिन एलिफेंट सफारी द्वारा मैंने इस क्षेत्र की सुंदरता को बहुत करीब से देखा था। असम आकर मुझे हमेशा ही एक अलग तरह की खुशी हासिल होती है।
पीएम ने कहा कि आज भाजपा पूरे देश में लोगों की पहली पसंद बन गई है। बीते कुछ वर्षों से भाजपा पर देश का भरोसा लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने हाल ही में संपन्न हुए बिहार चुनाव के परिणाम पर बोलते हुए कहा कि वहां 20 वर्ष बाद भी जनता ने भाजपा को बंपर वोट देकर रिकॉर्ड सीटें दिलाईं। ऐसे ही महाराष्ट्र के बड़े शहरों में मेयर तथा पार्षदों के चुनाव परिणामों में जनता ने पहली बार भाजपा को रिकॉर्ड जनादेश दिया है। केरल नगर निगम चुनावों में भी लोगों ने भाजपा को भरपूर समर्थन दिया और तिरुवनंतपुरम में पहली बार बीजेपी का मेयर बना। बीते कुछ दशकों में जो परिणाम आए हैं, उससे यह जनादेश स्पष्ट होता है कि आज देश गुड गवर्नेंस और विकास चाहता है।
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कांग्रेस का जन्म मुंबई में हुआ था, लेकिन आज शहर में कांग्रेस तीसरे स्थान से भी पीछे खड़ी है। कांग्रेस के पास कोई विकास का एजेंडा न होने से देश का विश्वास उस पर नहीं बन पा रहा है। दशकों तक नॉर्थ ईस्ट के लोगों को महसूस होता रहा कि देश का विकास कहीं और हो रहा है और वे हाशिए पर धकेल दिए गए हैं। लेकिन हमने लोगों की इस भावना को बदलने का कार्य किया। हमने नॉर्थ इंडिया के विकास को अपनी प्राथमिकता बनाया। नॉर्थ ईस्ट के रेल कनेक्टिविटी बहुत ज्यादा महत्व रखती है, लेकिन कांग्रेस सरकार ने इस ओर कभी तवज्जो नहीं दी लेकिन हमने यहां रेल कनेक्टिविटी को बढ़ाने का कार्य भी किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि काजीरंगा भारत की जैव विविधता का एक अनमोल रत्न है। यूनेस्को से इसे वर्ल्ड हेरिटेज साइट का दर्जा प्राप्त है। यहां के वन्य जीवों को सुरक्षा प्रदान करना केवल पर्यावरण की रक्षा नहीं है, अपितु यह असम की आने वाली पीढ़ी के भविष्य की जिम्मेदारी भी है।’
इस अवसर पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने प्रधानमंत्री के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में काजीरंगा कॉरिडोर, वन्य जीवन की सुरक्षा और कनेक्टिविटी दोनों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा भूमि पूजन और अमृत भारत एक्सप्रेस का हरी झंडी दिखाना असम के विकास की गति को और अधिक बढ़ाएगा। सीएम ने इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी का असम की जनता की ओर से धन्यवाद व्यक्त किया।
