हिमाचल प्रदेश: महीनों लंबे इंतजार के बाद हिमाचल प्रदेश में हुई बर्फबारी ने किसानों और बागवानों को बड़ी राहत पहुंचाई है। साथ ही बर्फबारी का बेसब्री से इंतजार कर रहे से पर्यटकों के चेहरे पर भी मुस्कान आ गई, लेकिन साथ ही बर्फबारी ने लोगों की दुश्वारियां भी बढ़ाई हैं।

अरसे बाद बारिश-बर्फबारी से गुलजार हुए हिमाचल प्रदेश में दुश्वारियां और पर्यटक दोनों बढ़ गए हैं। शनिवार को मौसम साफ रहने के बावजूद कई क्षेत्रों में जनजीवन अस्त व्यस्त रहा। प्रदेश में नेशनल हाईवे समेत कई सड़कें बंद होने से कई इलाकों का संपर्क कट गया है। बर्फबारी के बाद हिमाचल के पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलजार हो गए हैं। दूसरे राज्यों से शनिवार को पूरे दिन पर्यटकों के शिमला आगमन का सिलसिला चलता रहा जिससे सारा दिन जाम की स्थिति बनी रही। शिमला, कुल्लू मनाली और धर्मशाला के होटलों के करीब 75 फीसदी कमरे फुल रहे।

ताजा बर्फबारी के चलते हिमाचल प्रदेश में पर्यटन कारोबार ने रफ्तार पकड़ ली है। कुछ होटलों में 100 फीसदी कमरे बुक हो गए हैं।  स्थानीय लोगों सहित पर्यटकों ने जमकर रिज मैदान और मालरोड सहित आसपास के इलाकों में बर्फ में अठखेलियां कीं। छोटे बच्चों सहित बड़े भी बर्फ के बीच मस्ती में दिखाई दिए। शिमला के साथ ही पर्यटकों ने कुफरी का भी रुख किया। सीजन की पहली बर्फबारी स्थानीय व्यापारियों के लिए राहत लेकर आई है।

हिमाचल पथ परिवहन निगम के 700 से ज्यादा रूट दूसरे दिन भी बंद रहे। मनाली समेत पूरे प्रदेश में हजारों पर्यटक फंसे हुए हैं। प्रदेश में कई जगह ट्रांसफार्मर खराब होने से सैकड़ों गांवों में बिजली आपूर्ति ठप्प हो गई है, जिससे पानी की समस्या भी पैदा हो गई है। बिजली-पानी के संकट के बीच ठंड ने भी पूरे प्रदेश को अपनी आगोश में ले लिया है। प्रदेश के कई जिलों में पारा शून्य से नीचे उतर गया है। शिमला, कुल्लू, चंबा, किन्नौर आदि जिलों के क्षेत्रों में जनजीवन अव्यवस्थित हो गया है।

कुल्लू के मनाली व बंजार में शनिवार को शिक्षण संस्थान बंद रहे। बर्फबारी से सर्वाधिक प्रभावित शिमला मंडल में 600 करीब रूटों पर शनिवार को बस सेवाएं बंद रहीं। मनाली में कई सौ पर्यटक फंस गए हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 26 से 28 जनवरी तक बारिश-बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया है। 27 को उच्च व मध्य पर्वतीय जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का पूर्वानुमान जारी किया गया है। शिमला, कुल्लू, चंबा, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, मंडी और कांगड़ा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *